
मोतिहारी. बिहार में एक निजी स्कूल में शिक्षकों की दरिंदगी सामने आई है. घटना पूर्वी चम्पारण जिले की है जहां एक मासूम की पिटाई करने के बाद शिक्षकों ने उसे जान से मारने के लिये दो मंजिला स्कूल भवन के छत से नीचे फेंक दिया. दरिंदगी की हद तब हो गयी जब मासूम को छत से फेंकने के पहले शिक्षकों ने उसकी जमकर पिटाई की और बिजली के करंट लगने का प्रयास किया गया. घटना की वजह महज बच्चे द्वारा होमवर्क नहीं किया जाना है.
छत से फेंकने से जख्मी मासूम का इलाज कल्याणपुर पीएचसी में करने के बाद डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिये मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा है. घटना गुरुवार की बतायी जाती है, जो कल्याणपुर के बाकरपुर स्थित प्रीतम-प्रीत पब्लिक स्कूल की है. इधर घटना के तुरंत बाद छात्र के पिता चंद्रभूषण यादव ने थाने को आवेदन दिया है.
आवेदन के आलोक में थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ कर रही है. इस घटना के बाद स्कूल का प्रिंसिपल सुमन कुमार चौरसिया मौके से फरार बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार छह वर्षीय मासूम को इलाज के बाद मोतिहारी सदर अस्पताल से छुट्टी दी गयी है, साथ ही डॉक्टर ने गंभीर चोट होने के कारण मासूम को आराम करने की सलाह दी है.
.
Tags: Bihar News, Motihari news
FIRST PUBLISHED : May 26, 2023, 18:50 IST








