
विजय राठौड़/ग्वालियर: पुलिस की मानवता को दर्शाता हुआ एक वीडियो इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है. यह वायरल वीडियो है ट्रैफिक सूबेदार सोनम पाराशर का, जो लोगों की मदद करने के लिए अक्सर ही चर्चाओं में रहती हैं. हाल ही में सड़क पर पड़े घायल को उन्होंने रात के समय अस्पताल पहुंचाया था. जहां उसका इलाज चल रहा हैं. सोनम पाराशर रात के समय जब अपने घर लौट रही थी, तभी सनसिटी मोड़ पर उन्होंने खासी भीड़ लगी देखी. जिम्मेदार अधिकारी के नाते उन्होंने रुक कर जब वहां पूछताछ की, तो पता चला एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा हुआ है. उन्होंने उस व्यक्ति की हालत देखी तो तत्काल कंट्रोल रूम में फोन कर एंबुलेंस भिजवाने के लिए निर्देश दिए.
हालांकि, एंबुलेंस के आने में लग रहे समय की प्रतीक्षा न करते हुए उन्होंने तत्काल उस व्यक्ति को अपने सहयोगियों के साथ अपनी ही गाड़ी से बिरला अस्पताल पहुंचाया. जहां उन्होंने घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करवाया. यह घटनाक्रम मंगलवार देर शाम का है और हादसे में घायल व्यक्ति का नाम ओमप्रकाश है. डॉक्टरों ने जब उसका इलाज शुरू किया तब तक मैडम सोनम वहीं रही और उसके बारे में जानकारी जुटाती रही. जब उनके घर वालों के बारे मेंं का पता चला तो उन्हें भी तत्काल सूचना दी गई.
घर वालों को हर संभव मदद का वादा
सूचना के बाद ओम प्रकाश के घर वाले अस्पताल पहुंचे और उन्होंने मैडम का बहुत-बहुत आभार व्यक्त किया. इसके बाद भी मैडम ने इससे अपना पल्ला नहीं झाड़ा बल्कि बुधवार को भी घायल व्यक्ति का हाल चाल पूछने के लिए वे अस्पताल पहुंच गई. उन्होंने ओमप्रकाश से मुलाकात भी की और उनके घर वालों को हर संभव मदद का वादा भी किया.
पहले भी बचा चुकी हैं एक अनजान की जान
आपको बता दें कि सूबेदार सोनम पाराशर सदैव ही लोगों की मदद के लिए तैयार रहती हैं. कई बार लोगों की मदद भी कर चुकी है. इतना ही नहीं कुछ माह पूर्व जब वे ड्यूटी पर थी, तो इस दौरान एक व्यक्ति सड़क पर जाते समय हार्टअटैक का शिकार हुआ. मैडम ने जब उस व्यक्ति की हालत देखी तो यह समझ गई कि उसे हार्ट अटैक आया है. उन्होंने तत्काल एंबुलेंस को भी सूचित किया.इतना ही नहीं मैडम ने सबसे पहले व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के रूप में सीपीआर भी दिया. जब डॉक्टरों को भी इस बात का पता चला तो उन्होंने भी सूबेदार पाराशर द्वारा किए गए इस कार्य के लिए उनकी जमकर तारीफ की थी.
.
FIRST PUBLISHED : May 26, 2023, 09:55 IST








