
सृजित अवस्थी/पीलीभीत: वैसे तो उत्तरप्रदेश सरकार शहरी इलाकों में 24 घंटे बिजली सप्लाई की बात करती है. लेकिन पीलीभीत जिले में बिजली व्यवस्था बीते 48 घंटों से भी अधिक समय से बेपटरी हो चुकी है. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में बिजली गुल है. ऐसे में लोगों के व्यापार से लेकर घर तक समस्याएं बढ़ गई हैं.
सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 2017 में चुनाव जीतने के बाद प्रदेश के सभी शहरी इलाकों में 24 वहीं ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली सप्लाई का दावा किया था. लेकिन पीलीभीत जिले में इस दावे की पोल महज कुछ देर की आंधी ने खोल दी. दरअसल बीते दिनों मौसम विभाग द्वारा पश्चिमी विक्षोभ के चलते आंधी का अलर्ट जारी किया था. 23 मई को पीलीभीत के तमाम इलाकों में कुछ देर तेज आंधी आई जिसके बाद से जिले भर की बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई.
अधिकारी नहीं उठा रहे फोन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद जब वे विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से जानकारी और शिकायत के लिए फोन पर संपर्क कर रहे हैं. तो या तो अधिकांश नंबर बन्द हैं या फिर फोन कॉल का उत्तर नहीं दिया जाता है. ऐसे में अब लोग विभाग की आलोचना करते हुए ट्वीट कर रहे हैं.
शहर में सब काम हुआ ठप
पीलीभीत शहर के मोहल्ला शेर मोहम्मद में रहने वाले राधाकृष्ण रावत बताते हैं कि बीते दो दिनों से उनके इलाके में कुल 2 घंटे की बिजली आपूर्ति भी नहीं मिल पाई है. ऐसे में घर में पानी तक की किल्लत हो गई है. वहीं शहर स्थित अग्रवाल सभा के पास रहने वाले अंशुल गुप्ता बताते हैं कि बिजल आपूर्ति न होने की वजह से बीते दो दिनों से उनकी आटा चक्की ठप हो गई है.
.
FIRST PUBLISHED : May 25, 2023, 22:41 IST








