UPSC Result 2023 : बिना किसी कोचिंग के उत्तराखंड की बेटी ने प्राप्त की 39वीं रैंक, पहले प्रयास में हासिल की सफलता

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


वेद प्रकाश/ ऊधम सिंह नगर. संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित होने वाली यूपीएससी की परीक्षा में ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय की रहने वाली गरिमा नरूला ने बिना किसी कोचिंग के पहले प्रयास में परीक्षा को उत्तीर्ण कर 39वीं रैंक हासिल की है. यूपीएससी परीक्षा में गरिमा द्वारा 39 वीं रैंक हासिल करने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी. सैकड़ों लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर कर गरिमा और उनके परिवार को बधाई दी. गौरतलब है कि 2017 में सीबीआई बोर्ड की परीक्षा में गरिमा ने जिला टॉप किया था.

यूपीएससी द्वारा आयोजित परीक्षा में रुद्रपुर की रहने वाली गरिमा नरूला ने बिना किसी कोचिंग के पहले प्रयास में ही परीक्षा को उत्तीर्ण 39 वीं रैंक हासिल की. यूपीएससी द्वारा जारी रिजल्ट में गरिमा नरूला का नाम आते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई. यूपीएससी में 39 वीं रैंक हासिल करने वाली गरिमा नरूला के पिता बिपिन नरुला एक पैथॉलाजी में प्रबंधक है. जबकि मां शारदा नरूला हाउसवाइफ है. गरिमा के आवास पर पहुंचकर राज्यपाल गुरमीत सिंह, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित दर्जनों लोगों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर बधाई दी.

गरिमा ने हिन्दू कॉलेज से किया था स्नातक
न्यूज 18 लोकल से बातचीत करते हुए यूपीएससी परीक्षा में 39 वीं रैंक हासिल करने वाली गरिमा नरूला ने बताया कि मैंने दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई सीबीएसई बोर्ड से रुद्रपुर के निजी स्कूलों से की है. जबकि स्नातक हिन्दू कॉलेज दिल्ली यूनिवर्सिटी से की है. उन्होंने कहा कि मैंने अपने मामा को देखकर सिविल सेवा में जाना चाहतीं थीं, मेरा और मेरे पूरे परिवार का सपना था कि सिविल सेवा की परीक्षा पास कर देश की सेवा करूं.

महिलाओं सशक्तिकरण के लिए करना है काम
गरिमा नरूला ने बताया कि लेकिन मुझे ये विश्वास नहीं था कि मैं पहले प्रयास में ही परीक्षा पास कर लूंगी, जब मैंने अपना रिजल्ट देखा तो मुझे विश्वास नहीं हुआ कि मैंने अपने प्रयास में यूपीएससी परीक्षा में 39 वीं हासिल कर अपना और परिवार का सपना पूरा कर दिया है. उन्होंने कहा कि मेरा सपना है कि मैं महिला सशक्तिकरण और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए काम करना चाहती हूं.

उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने बताया कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है कि बिना किसी कोचिंग के रुद्रपुर की बेटी गरिमा नरूला ने 39 वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रौशन किया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बेटियों के गरिमा नरूला आइडल है, मुझे विश्वास है कि गरिमा से प्रेरित होकर अन्य कई बेटियां भी यूपीएससी की तैयारी करेंगे और परीक्षा उत्तीर्ण कर अपना और क्षेत्र का नाम रौशन करेंगी.

Tags: Udham Singh Nagar News, Uttarakhand news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें