
अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज (गुरुवार) खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का उद्घाटन होगा. इसका उद्घाटन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअल करेंगे. इस खेल का उद्घाटन फैजाबाद रोड स्थित बीबीडी में होगा. वहीं, उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय खेल मंत्री और प्रदेश के खेल मंत्री समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री इसमें शामिल होंगे.
इस उद्घाटन समारोह के चलते इस पूरे रास्ते पर यातायात डायवर्सन किया गया है. यातायात पुलिस लखनऊ की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, शाम पांच बजे से इस रास्ते को आम जनता के लिए डायवर्ट कर दिया जाएगा. इसके साथ यातायात विभाग की ओर से दूसरे रास्तों का विकल्प भी जारी किया गया है. वहीं, एंबुलेंस, फायर सर्विस और शव वाहन पर रूट डायवर्जन के दायर से बाहर रखा गया है.
इन रास्तों का रखें ध्यान
>>वीवीआईपी कार पास धारक (लाल पास) बीबीडी विश्वविद्यालय मुख्य द्वार से प्रवेश कर निर्धारित स्थान पर वीवीआईपी को उतार कर अपने वाहन निर्धारित पार्किंग में पार्क करेंगे.
>>वीआईपी कार पास धारक (पीला पास) बीबीडी विश्वविद्यालय ग्रीन सिटी द्वार से प्रवेश कर गोल चक्कर चौराहा (पीएनबी गेट के निकट) लोगों को उतार कर निर्धारित पार्किंग में पार्क होंगी.
>>चिनहट चौराहा से इन्दिरा नहर तक की सड़क का प्रयोग करने से बचें. बता दें कि इस पूरे रास्ते पर लोगों का आना जाना बड़ी संख्या में होता है. यही वजह है कि चिनहट चौराहे से लेकर इंदिरा नहर तक के रास्ते को गुरुवार को लोगों को लेने से बचने के लिए कहा गया है, ताकि उन्हें दिक्कतों का सामना न करना पड़े.








