UPSC Result: IAS पत्नी बनी प्रेरणा…अनुभव ने हासिल की 34वीं रैंक, पढ़ें दिलचस्प कहानी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊ. यूपीएससी 2023 के रिजल्ट में लखनऊ के अनुभव सिंह ने 34वीं रैंक हासिल की है. अनुभव की संघर्ष की कहानी बेहद दिलचस्प है. हुआ कुछ यूं कि सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल से उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की. स्कूल में ही दीक्षा जैन जो वर्तमान में अनुभव सिंह की पत्नी हैं और फिरोजाबाद में बतौर CDO तैनात हैं, उनसे मुलाकात हुई. दोनों एक ही स्कूल में थे. यहीं से दोनों ने जिंदगी भर एक दूसरे का साथ निभाने का फैसला भी किया.

अनुभव ने बताया कि यह उनका पांचवा प्रयास था, जिसमें वह सफल हुए हैं. इस बार लिस्ट में नाम देखकर वह बेहद भावुक हो गए थे. उनकी पत्नी दीक्षा जैन 2019 के बैच में आईएएस बन गई थीं. इसके बावजूद दोनों के बीच में कभी दूरियां नहीं आईं और वर्ष 2020 में उन्होंने शादी कर ली. बताया कि उनकी पत्नी ने अपने अनुभव के जरिए तैयारी में उनकी काफी मदद की. पत्नी को एक प्रेरणा स्रोत के तौर पर देखते हैं.

मुझे परीक्षा केंद्र तक लेकर जाते थे
आईएएस दीक्षा जैन ने कहा कि अनुभव की खुशी देखकर वह बेहद खुश हैं. अपने पति का रिजल्ट देखने के लिए वह मुख्य रूप से छुट्टी लेकर लखनऊ आई थीं. क्योंकि उन्हें पूरा यकीन था कि इस प्रयास में वह जरूर सफल होंगे. दीक्षा जैन बात करते हुए भावुक भी हो गईं. बताया कि उनके आईएएस बनने में उनके पति अनुभव सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा, क्योंकि परीक्षा के केंद्र तक वही उनको लेकर जाते थे और काफी मदद करते थे.

ऐसा रहा सफर
अनुभव सिंह ने बताया कि उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज से बीए ऑनर्स पॉलिटिकल साइंस में किया और जामिया मिलिया इस्लामिया से एमए पॉलिटिकल साइंस में किया. इसके बाद उन्होंने जेआरएफ भी क्लियर किया. इसके बाद नेशनल पीजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर ज्वाइन किया और वर्तमान में वहीं पर नौकरी कर रहे थे. साथ ही साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी भी कर रहे थे.

मां हैं गुरु
अनुभव सिंह ने बताया कि उनकी मां जो अब इस दुनिया में नहीं हैं स्व. अनीता सिंह उनकी गुरु हैं. उन्होंने हमेशा से ही घर में पढ़ाई का माहौल दिया और उनकी प्रेरणा से ही आज वह सफल हो पाए हैं. आपको जानकारी के लिए यह भी बता दें कि अनुभव वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन के दामाद हैं.

धैर्य की परीक्षा है
अनुभव सिंह ने बताया कि यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी करना अभ्यर्थी के धैर्य की परीक्षा है. क्योंकि जब आप एक बार, दो बार या तीन बार असफल हो जाते हैं तो कहीं न कहीं उम्मीद टूट जाती है. लेकिन यहीं पर आपको उम्मीद टूटने नहीं देना है और खुद को मजबूत बनाए रखना है.

.

FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 20:31 IST

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें