
मोहित शर्मा/करौली. देश की सबसे कठिन परीक्षा कही जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा 2022 का रिजल्ट मंगलवार को जारी कर दिया गया है. इसमें राजस्थान के करौली के भी 4 युवाओं ने बाजी मारी है. उन्हीं में से एक हैं करौली की सूरौठ तहसील के निवासी सतीश मीणा है. इस युवा ने अपने मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत के बलबूते संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 876वीं रैंक हासिल की है.
करौली की सूरौठ तहसील के निवासी 29 वर्षीय सतीश मीणा गरीब किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनके पिता संपत कटकड़िया एक किसान हैं. फिलहाल सतीश मुंबई में इनकम टैक्स अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं. जैसे ही उनका आईएएस परीक्षा में चयन हुआ है, वैसे उनके पूरे परिवार सहित पूरे सूरौठ क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई.
10 से 12 घंटे की ड्यूटी कर नियमित 4 घंटे की पढ़ाई से पाई सफलता
सबसे खास बात यह है कि सतीश मीणा ने आयकर विभाग में इनकम टैक्स अधिकारी रहते हुए करीब 10 से 12 घंटे की ड्यूटी करते थे. इसके बाद नियमित रूप 4 से 5 घंटे की सेल्फ स्टडी से भारतीय सिविल सेवा परीक्षा में 876वीं रैंक हासिल की है.
5 बार की असफलता के बाद…
सतीश मीणा के मुताबिक, उन्हें भारतीय सिविल सेवा परीक्षा में 5 बार असफलता के बाद छठवें प्रयास में सफलता मिली है. 29 वर्षीय सतीश ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने स्वर्गीय नाना को दिया है. सतीश का कहना है कि उनके नाना का सपना था कि वह 1 दिन कलेक्टर बने. नाना जब तक जीवित थे उन्होंने हमेशा पढ़ाई से लेकर हर प्रकार की मदद मेरे पूरे परिवार को दी थी. यदि आज वह जीवित होते तो वाकई में बहुत खुश होते.








