Rain Alert: मौसम हो जाएगा कूल, इन राज्यों में अगले 2 दिन आंधी-बारिश का अनुमान, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सृष्टि चौधरी
नई दिल्ली. चिलचिलाती गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द ही बारिश की फुहारें बड़ी राहत दे सकती हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पंजाब और राजस्थान से लेकर यूपी-बिहार तक उत्तर पश्चिमी राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी देते हुए अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

ईएमडी के मुताबिक, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 23 से 26 मई तक पूरे उत्तरी क्षेत्र में आगे बढ़ने की संभावना है. अरब सागर के साथ ही बंगाल की खाड़ी से ठंडी हवा के कारण वातावरण में नमी बढ़ने का अनुमान है, जो बारिश होने की संभावना को और भी बढ़ा देता है. ऐसे में अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में दिन के तापमान में चार से छह डिग्री की कमी आने की भी उम्मीद है.

मौसम में अचानक ये बदलाव क्यों?
वैज्ञानिक बताते हैं कि इस तरह की आंधी-बारिश प्री मानसून अवधि के दौरान आम है, और वे ज्यादातर उत्तर-पश्चिम भारत के साथ-साथ पूर्वोत्तर राज्यों को प्रभावित करते हैं. हालांकि इस बार, समुद्रों से आने वाली हवाओं का ज्यादा ही असर दिखने की संभावना है.

आईएमडी की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने News18 को बताया, ‘अरब सागर से बड़ी मात्रा में नम हवा चलने की उम्मीद है. बंगाल की खाड़ी से लेकर पूर्वोत्तर भारत की ओर तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाएं भी चल रही हैं. ये दोनों मिलकर इस क्षेत्र में बारिश की गतिविधि को मजबूत कर सकते हैं.’

23 से 26 मई तक बारिश की संभावना
ऐसे में 23 मई की शाम से लेकर 26 मई की शाम तक अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में कई स्थानों पर गरज, बिजली और कभी-कभार तेज़ हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं 24 और 25 मई को इसकी तीव्रता और बढ़ सकती है.

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित बाल्टिस्तान के अधिकांश हिस्सों में खास तौर से मूसलाधार बारिश हो सकती है. वहीं उत्तराखंड में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो 24 मई को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और 25 मई को पश्चिम उत्तर प्रदेश तक बढ़ सकती है.

पंजाब से लेकर बिहार तक बारिश का अनुमान
पूर्वानुमान में अगले दो-तीन दिनों में पंजाब और हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. 23 और 24 मई को बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं और ओलावृष्टि कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. ऐसे में मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन को इस हिसाब से तैयारी करने का आग्रह किया है.

इसका प्रभाव पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी देखा जा सकता है, जहां अगले चार दिनों में असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ काफी भारी बारिश हो सकती है.

गर्मी से राहत
मौसम विभाग के इस ताज़ा पूर्वानुमान में गर्मी से बड़ी राहत मिलने संकेत है. इस वक्त देश के बड़े हिस्से में अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. दिल्ली ने सोमवार को उच्चतम तापमान 44.9 ℃ दर्ज किया, जबकि पश्चिम उत्तर प्रदेश के झांसी में अधिकतम तापमान 46.5 ℃ तक पहुंच गया.

वर्तमान में दिल्ली और दक्षिण हरियाणा के कुछ हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर मध्य प्रदेश और पूर्वी झारखंड में लू चल रही है. आईएमडी का कहना है, ‘लेकिन अगले तीन दिनों के दौरान जैसे-जैसे बारिश भरे बादल आगे बढ़ेंगे, उत्तर-पश्चिम भारत में दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री की कमी आने की संभावना है. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.’

Tags: Imd, Rain alert

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें