बुखार में था बच्चा, परिवार ने समझा भूत का साया, फिर तांत्रिक ने पीट-पीटकर कर दी हत्या

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हाइलाइट्स

कई दिनों से नहीं उतरा बुखार तो परिवार ने तांत्रिक की बातों पर कर लिया विश्वास
पुलिस ने तांत्रिक के खिलाफ दर्ज किया गैर इरादतन हत्या का केस
अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से की थी मामले की शिकायत

मुंबई. महाराष्ट्र के सांगली जिले में कथित रूप से एक तांत्रिक की जबरदस्त पिटाई के कारण 14 साल के बीमार लड़के की मौत हो गई. एक अधिकारी के मुताबिक आरोपी तांत्रिक का दावा था कि लड़का किसी के वश में था. पुलिस ने इस घटना के बाद तांत्रिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि जिले के कवठे महांकाल में रहने वाले आर्यन दीपक लांडगे की 20 मई को मौत हो गई थी, लेकिन अंधविश्वास विरोधी कार्यकर्ताओं के पुलिस से संपर्क करने के बाद यह घटना सामने आई.

अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के कार्यकर्ताओं की शिकायत के अनुसार, लांडगे को कई दिनों से बुखार था और इलाज के बावजूद उसे कोई राहत नहीं मिल रही थी. अधिकारी ने कहा कि उसका परिवार उसे पड़ोसी कर्नाटक के शिरगुर में एक ‘मांत्रिक’ (तांत्रिक) अप्पासाहेब कांबले के पास ले गया. कांबले ने दावा किया कि लड़के पर ‘‘भूत’’ का साया है और भूत को भगाने के लिए उसे लांडगे की पिटाई करनी होगी.

उपचार के दौरान हुई थी मौत
अधिकारी ने कहा कि पिटाई के कारण लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसके परिवार के लोग उसे शिरगुर से करीब 40 किलोमीटर दूर सांगली जिले में मिराज के एक अस्पताल ले गए. वहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. लांडगे की मौत की खबर जानकर अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के कार्यकर्ताओं ने लड़के के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और फिर कवठे महांकाल थाने में सहायक पुलिस निरीक्षक जितेंद्र शाहणे से मिलकर शिकायत दर्ज कराई.

अंधविश्वास विरोधी कानून न होने पर गैर इरादतन हत्या का केस
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि कर्नाटक में कोई अंधविश्वास विरोधी कानून नहीं है, इसलिए पुलिस ने तांत्रिक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (लापरवाही से मौत) के तहत शून्य प्राथमिकी दर्ज की. शून्य प्राथमिकी किसी भी क्षेत्र की पुलिस को एक शिकायत स्वीकार करने और कार्रवाई के लिए उपयुक्त थाने को भेजने की अनुमति देती है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच अब कर्नाटक पुलिस करेगी.

Tags: Ghost Stories, Karnataka News, Karnataka police, Mumbai News, Tantrik

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें