मुंबई. फिल्मी दुनिया में अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) के फैंस यदि किसी फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं तो वह है ‘पुष्पा: दि रूल’ (Pushpa: The Rule) का. फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन वर्क चल रहा है और फिल्म को इस साल के अंत तक रिलीज किया जा सकता है. फिल्म से जुड़ी हर खबर पर फैंस की नजर बनी रहती है. इस कड़ी में फिल्म को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आ रही है. खबरों की मानें तो फिल्म से रणवीर सिंह का नाम जुड़ रहा है. यदि ऐसा होता है तो यह जबरदस्त कॉम्बो होगा जो साउथ और हिंदी बेल्ट के दर्शकों के लिए काफी खास होगा.
रणवीर सिंह को बॉालीवुड का एनर्जी किंग कहा जाता है. अपनी कई फिल्मों से प्रतिभा साबित कर चुके रणवीर पिछले कुछ समय से एक बड़ी हिट के लिए तरस रहे हैं. बीते दिनों आई रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सर्कस’ बड़े पर्दे पर बुरी तरह फ्लॉप हुई थी. अब रणवीर को करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ से उम्मीद है, जिसमें उनके साथ आलिया भट्ट हैं. ऐसे में अल्लू की फिल्म से जुड़ने की खबर उनके कॅरियर के लिहाज से बड़ी मानी जा रही है.
अल्लू का हाथ पकड़ना होगा फायदे का सौदा
साल 2021 में जब सुकुमार फिल्म ‘पुष्पा: दि राइज’ लेकर आए थे तो हर कोई फिल्म में अल्लू का दीवाना हो गया था. अल्लू ने फिल्म में ‘पुष्पा’ का किरदार इतनी बेहतरी से निभाया था कि फिल्म का दूसरा भाग बनाने का निर्णय लिया गया. इसके साथ ही अल्लू साउथ का बड़ा नाम है और उनके साथ हर कोई काम करना चाहता है. ऐसे में सिस्टा की खबर के अनुसार, रणवीर सिंह ने भी अपनी नैया पार लगाने के लिए अल्लू का हाथ पकड़ने का निर्णय किया है. बताया जा रहा है कि ‘पुष्पा 2’ में रणवीर सरप्राइज एलिमेंट होंगे और उनके किरदार से फिल्म में एक बड़ा ट्विस्ट देखने को मिलेगा. फिलहाल मेकर्स की ओर इसे लेकर कोई हिंट नहीं दिया गया है.
बीते दिनों एक अवॉर्ड फंक्शन में रणवीर सिंह और अल्लू अर्जुन साथ नजर आए थे.
बता दें कि फिल्म में ‘भंवर सिंह शेखावत’ का किरदार खास है, जिसे फहाद फासिल निभा रहे हैं. फिल्म के सेट से हाल ही उनका नया लुक भी सामने आया था. अल्लू के बर्थडे पर फिल्म का टीजर आया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था. अब लोगों को फिल्म के ट्रेलर का इंतजार है.
.
Tags: Alia Bhatt, Allu Arjun, Ranveer Singh
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 13:27 IST








