
अनंत कुमार/गुमला. जिले में 2022 में उपायुक्त सुशांत गौरव की पहल से रागी मिशन का शुभारंभ किया गया. इसके तहत हजारों किसान इस योजना से जुड़ कर रागी के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इसे बढ़ावा देने के लिए एक तरफ जहां किसानों के बीच निःशुल्क रागी के बीज का वितरण करते हुए रागी के उत्पाद को बढ़ाया जा रहा. वहीं दूसरी ओर रागी प्रोसेसिंग यूनिट का अधिष्ठापन किया गया. जिससे सैंकड़ों ग्रामीण महिलाओं को रोजगार भी मिला है. पिछले वर्ष रागी से आटा एवं लड्डू का निर्माण शुरू किया गया था. वहीं इस वर्ष रागी से भजिया, ठेकुआ, बिस्किट एवं नमकीन का भी निर्माण शुरू किया गया.
इसी क्रम में आगे बढ़ते रागी के उत्पाद को वृहद रूप देने के लिए उपायुक्त सुशांत गौरव की उपस्थिति में एसएचजी महिलाओं के हाथों झारखंड के पहला मिलेट कैफे का शुभारंभ गुमला में हुआ. जशपुर रोड अल्बर्ट एक्का स्टेडियम के समीप रागी से निर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगा. जहां से लोग खरीदारी कर सकेंगे. यहां आटा 50 रु प्रति किलोग्राम, लड्डू ₹205 में 12 पीस,भुजिया 300 रु प्रति किलोग्राम, बिस्किट 100 रु में 10 पीस, नीमकी ₹250 किलोग्राम, ठेकुआ 50 रु में 10 पीस की दर से उपलब्ध है. भुजिया 100 ग्राम,नीमकी 200 ग्राम की पैकेट में भी उपलब्ध है. मिलेट कैफे में मिलने वाले उत्पाद केमिकल रहित हैं, जो सेहत के लिए भी लाभदायक है. बताते चलें कि रागी से निर्मित सभी उत्पाद भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक (एफएसएसएआई ) द्वारा प्रमाणित है.
ग्रामीण महिलाओं द्वारा अपने हाथों से बनाया गया है
उपायुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि आम जनों के स्वास्थ्यवर्धन हेतु ग्रामीण महिलाओं द्वारा संचालित मिलेट कैफे गुमला वासियों को समर्पित है. अपील करते हुए कहा कि जिलेवासी अपने ही जिले की ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित रागी के उत्पादों का सेवन करें एवं स्वयं को स्वस्थ रखें. मिलेट कैफे में रागी से निर्मित प्रत्येक उत्पाद को जिले की ग्रामीण महिलाओं द्वारा अपने हाथों से बनाया गया है. जिसमें किसी भी प्रकार को कोई केमिकल नहीं मिलाया गया है. सभी उत्पादों में शुद्ध सामग्री का इस्तेमाल किया गया है. गुणवत्ता के जांच के पश्चात ही उक्त सभी उत्पादों को मार्केट में लॉन्च किया गया है. इसलिए सभी लोगों से रागी से बने उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की.
.
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 10:37 IST









