
बेंगलुरु. कर्नाटक में नई सरकार के गठन के बाद 16वीं विधानसभा का सत्र शुरू हो गया है. सोमवार को सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के साथ कुल 8 मंत्रियों ने विधानसभा में विधायक के रूप में शपथ लिया. हालांकि प्रदेश में सीएम की कुर्सी का युद्ध खत्म होने के बाद अब मंत्रालय को लेकर पार्टी के विधायकों में नाराजगी सामने आने लगी है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी के महासचिव और 6 बार के विधायक दिनेश गुंडु राव ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि मंत्रियों की पहली लिस्ट में उनका नाम होगा.
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में मंत्री पद ना मिलने से नाराजगी
उन्होंने कहा, ‘मैंने साल 2019 में नैतिकता के आधार पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. क्योंकि मेरी निगरानी में 15 विधायकों ने दल बदल लिया था. मैं इस बात से निश्चिंत था कि पार्टी के आलाकमान मेरे योगदान को याद रखेंगे.’ उनकी तरह, भद्रावती विधायक बीके संगमेश्वर ने पार्टी में उनके योगदान के बदले मंत्रालय पद नहीं मिलने पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा, ‘मैं चार बार का विधायक हूं और पूर्व स्पीकर कागोडु थिमप्पा के बाद, शिवमोग्गा से सबसे अधिक बार निर्वाचित होने का रिकॉर्ड रखता हूं. मैं सिद्धारमैया, शिवकुमार और पार्टी नेतृत्व से आग्रह करता हूं कि वे मुझे पहचानें.’
डिप्टी सीएम व सीएम के घर के बाहर लाइन लगाने का कोई मतलब नहींः बीके संगमेश्वर
संगमेश्वर ने पार्टी नेतृत्व को याद दिलाने की कोशिश की कि वह 2008 और 2018 में भाजपा द्वारा कथित रूप से लुभाए जाने वाले पहले विधायकों में से एक थे, लेकिन वह टस से मस नहीं हुए थे. उन्होंने कहा कि शिवमकुमार इस बात पर अड़े रहे कि किसे शामिल किया जाएगा या कैबिनेट का विस्तार कब होगा, यह जल्द ही होगा. उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री बनने के लिए उनके और सिद्धारमैया के घर के सामने कतार लगाने का कोई मतलब नहीं है.
16वीं विधानसभा का पहला सत्र शुरू
कर्नाटक में सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद राज्य की 16वीं विधानसभा का पहला सत्र सोमवार को सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण के साथ शुरू हुआ. विधानसभा अधिकारियों के अनुसार, इस तीन दिवसीय सत्र के दौरान सभी 224 नव निर्वाचित प्रतिनिधि विधायक के रूप में शपथ लेंगे. इस दौरान नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव भी होगा. फिलहाल, प्रोटेम स्पीकर के रूप में सदन के सबसे वरिष्ठ सदस्य आर वी देशपांडे नव निवार्चित प्रतिनिधियों को शपथ दिला रहे हैं. मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, मंत्री जी परमेश्वर, के एच मुनियप्पा, एम बी पाटिल, के जे जॉर्ज, सतीश जारकिहोली, प्रियंक खरगे ने विधायक के रूप में शपथ ले ली है.
.
Tags: Karnataka, Karnataka Congress
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 06:09 IST








