
पप्पू पाण्डेय/अमेठी: उत्तर प्रदेश के जिला अमेठी में देर रात बारात गए एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सीओ समेत स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है. गंभीर रूप से घायल मृतक के चचेरे भाई को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि दोनों चचेरे भाई देर रात बैठकर शराब पी रहे थे जहां दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और दोनों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया जिसमे एक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया. एक आशंका ये भी जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दोनों भाइयों पर हमला किया गया जिसमें एक कि मौत हो गई जबकि जबकि गंभीर रूप से घायल हो गया.
कलक्ट्रेट परिसर में मिला शव
दरअसल, ये पूरा मामला गौरीगंज थाना क्षेत्र के जेठूपुर वार्ड न दो का है. जहां के रहने वाले सुरेश विश्वकर्मा के यहां देर रात मुंशीगंज थाना क्षेत्र के पूरे भगवानदीन त्रिलोकपुर से बारात आई थी. इसी बारात में शामिल होने दिव्यांग रामचंद्र विश्वकर्मा उर्फ रिंकू विश्वकर्मा आया था. आज सुबह घर के सामने निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट परिसर में रिंकू का खून से लथपथ शव पड़ा था.
बारात में शामिल होने आए कुछ महिलाएं शौच के लिए गई तो उनकी नजर रिंकू पर पड़ी जिसके बाद बड़ी संख्या में परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुचे और पुलिस को सूचना दी गई. वहीं सूचना मिलते ही गौरीगंज पुलिस के साथ सीओ मयंक द्विवेदी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. घटना स्थल के पास ही एक बाइक भी मिली, जिस पर खून लगा हुआ था.
दोनों भाइयों में हुआ था विवाद
वहीं देर रात गंभीर रूप से घायल मृतक का चचेरा भाई शिव मूरत विश्वकर्मा घर पहुंचा, जिसे परिजन इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में गए जहां से उसे ट्रामा सेंटर रिफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि देर रात दोनों भाई बारात स्थल से दूर निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट परिसर में शराब पीने बैठे थे. जहां किसी बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हुआ जिसमें एक कि मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.
वहीं दूसरी तरफ घटनास्थल से शराब की पांच गिलासे भी मिली हैं जिससे इस बात भी की आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावरों द्वारा दोनों भाइयों पर हमला किया गया जिसमें एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. फिलहाल पुलिस दोनों एंगलों से मामले की जांच कर रही है.
वहीं मृतक के छोटे भाई ने कहा कि उसका भाई कल किसी के साथ बारात में शामिल होने गौरीगंज के जेठूपुर आया था. जहां उसकी किसी के साथ लड़ाई हुई जिसमें उसकी मौत हो गई है. वही शादी वाले घर के परिजन ने कहा कि उनके यहां कल बारात आई थी और वो उसी में व्यस्त थे. आज सुबह जब घर की औरतें शौच करने के लिए गई तो देखा कि रिंकू का शव पड़ा है जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
वहीं पूरे मामले पर अमेठी पुलिस अधीक्षक इलामारन ने कहा कि सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि रिंकू का शव पड़ा है, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है. परिजनों द्वारा तहरीर दी गई है जिस पर मुक़दमा दर्ज किया जा रहा है. प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है.
.
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 22:11 IST








