Hyderabad: डिलीवरी एजेंट पर झपटा कुत्ता तो तीसरी मंजिल से लगा दी छलांग, कई हड्डियां टूटीं, मालिक पर केस दर्ज

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हैदराबाद. हैदराबाद में एक अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल से कूदकर एक डिलीवरी एजेंट घायल हो गया, जब उसने ग्राहक के पालतू कुत्ते से खुद को बचाने के लिए छलांग लगा दी. यह घटना रविवार को मणिकोंडा की पंचवटी कॉलोनी में हुई. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने कहा कि एक लैब्राडोर कुत्ता, जो स्पष्ट रूप से बंधा नहीं था, भौंकने लगा और डिलीवरी एजेंट मोहम्मद इलियास (27) की ओर झपटने लगा. वह अमेजॉन के लिए काम करता है.

जानकारी के मुताबिक इलियास ने कुत्ते से डरकर तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. इमारत की साइडवॉल पर गिरे इलियास की कई हड्डियां टूट गई हैं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. इस हादसे के बाद रायदुर्गम पुलिस ने इलियास का बयान दर्ज कर लिया है. सोमवार को पुलिस ने फ्लैट मालिक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 289 (जानवरों के संबंध में लापरवाही) के तहत मामला दर्ज किया है.

यूनियन ने कुत्ते के मालिक से मांगा इलाज का खर्च
इस बीच, तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (टीजीपीडब्ल्यूयू) के अध्यक्ष शेख सलाहुद्दीन ने मांग की कि कुत्ते का मालिक डिलीवरी एजेंट के इलाज का खर्च वहन करे. हैदराबाद में चार महीने में इस तरह की यह दूसरी घटना है. जनवरी में इसी तरह की एक घटना में 23 वर्षीय फूड डिलीवरी बॉय की मौत हो गई थी.

कुछ माह पहले डिलीवरी एजेंट की हुई थी मौत
जनवरी में फूड डिलीवरी ऐप स्विगी के लिए काम करने वाला मोहम्मद रिजवान (23) बंजारा हिल्स में एक अपार्टमेंट की इमारत में गया था. वह एक पालतू कुत्ते के हमले से बचने के लिए इमारत की तीसरी मंजिल से कूद गया. उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और चार दिन बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी.

घायल को 1 हजार रुपया प्रतिदिन मजदूरी दे अमेजॉन
इस बीच, टीजीपीडब्ल्यूयू ने कुत्ते के मालिकों से अपील की है कि जब डिलीवरी एजेंट अपने ऑर्डर देने आएं तो अपने पालतू कुत्तों को बांध दें. यूनियन ने यह भी मांग की कि अमेजॉन इलियास को इलाज के दौरान 1,000 रुपये प्रतिदिन की दर से मजदूरी दे, क्योंकि वह अपनी ड्यूटी करते हुए घायल हो गया था.

कुत्तों के मालिक पर होगी कार्रवाई
सलाहुद्दीन ने नगर प्रशासन मंत्री के. टी. रामा राव और ग्रेटर हैदराबाद की मेयर विजयलक्ष्मी गडवाल से यह घोषणा करने का आग्रह किया कि ऐसे मामलों में कुत्ते के मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Tags: Dog attack, Hyderabad News

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें