
शिखा श्रेया/रांची. झारखंड की राजधानी रांची में 24 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन होनेवाला है. इसको लेकर रांची जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं. राष्ट्रपति के कार्यक्रम व विश्राम स्थल के आसपास के इलाके पर अभी से पैनी नजर रखी जा रही है. सुरक्षा के मद्देनजर रांची के तीन जगहों को रेड जोन बनाया गया है. यहां किसी प्रकार की कोई भी असामान्य गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जिला प्रशासन की तरफ से जारी सूचना के अनुसार, रांची में 3 रेड जोन बनाए गए हैं. यह रेड जोन 24 से 26 मई तक लागू रहेगा. इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू यहां रहेंगी और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी. उनकी सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला किया गया है.
तय कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 मई को झारखंड आ रही हैं. सबसे पहले वे देवघर आएंगी. यहां बाबा बैजनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद वे रांची आएंगी, यहां नवनिर्मित उच्च न्यायालय का उद्घाटन करने के बाद राजभवन में विश्राम करेंगी. वहीं 25 मई को ट्रिपल आईटी नामकुम में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी. फिर 26 मई को दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी.
जारी सूचना के अनुसार, राष्ट्रपति के रांची भ्रमण के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल के 2 किलोमीटर की परिधि क्षेत्र को अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित किया गया है. एसएसपी द्वारा ड्रोन नियम 2021 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह घोषणा की गई है. रांची आने पर राष्ट्रपति राजभवन में रहेंगी व नवनिर्मित उच्च न्यायालय एवं ट्रिपल आईटी नामकुम में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगी. बता दें कि धुर्वा स्थित नवनिर्मित उच्च न्यायालय भवन के 2 किलोमीटर की परिधि, ट्रिपल आईटी नामकुम के 2 किलोमीटर की परिधि और राजभवन के 2 किलोमीटर की परिधि क्षेत्र को अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित किया गया है. यह 24 से 26 मई 2023 तक लागू रहेगा. इस दौरान रेड जोन में कोई भी व्यक्ति बिना किसी पदाधिकारी की अनुमति के बिना ड्रोन का परिचालन नहीं कर सकेगा.
.
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 16:05 IST








