
मनाली. देश के मैदानी राज्यों में गर्मी बढ़ने से अब पहाड़ों की तरफ सैलानियों की संख्या बढ़ने लगी है. आलम यह है कि शिमला, मनाली सहित हिमाचल के दूसरे टूरिस्ट स्पॉट्स अब सैलानियों से गुलजार होने लगे हैं. मनाली में मई के महीने में टूरिस्ट की भीड़ बढ़ी है. मनाली में बढ़ती सैलानियों और वाहनों की संख्या को देखते हुए पुलिस ने कुछ स्थानों को नो पार्किंग जोन घोषित किया है. साथ ही अतिरिक्त पुलिस जवानों की भी तैनाती की गई है. फिलहाल, मनाली शहर को 8 सेक्टर्स में बांटा गया है और सभी सेक्टर में पुलिस जवानों की भी तैनाती की गई.
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि मनाली में अब धीरे-धीरे पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने लगा है. ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए मनाली प्रशासन और पुलिस ने कुछ पुख्ता कदम उठाए हैं. रामबाग चौक में तथा आई-बैक्स चौक में अब कोई भी टैक्सी चालक सवारियां उतार तथा चढ़ा नहीं पाएगा. पुलिस ने नेशनल हाईवे के समीप स्थान चयनित किए हैं. मनाली को शहर को 8 सेक्टरों में बांटा गया है. साथ ही मनाली में 52 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. और 43 सीसीटीवी कैमरों को लगाया जा रहा है. उन्होने कहा कि इन कैमरों के माध्यम से मनाली शहर के हर चप्पे चप्पे पर नजर बनी रहेगी.
मनाली में भीड़, लाहौल भी जा रहे सैलानी
मनाली में रविवार को टूरिस्ट खासी भीड़ देखी गई. इसके अलावा, अटल टनल, सिस्सु और कोकसर में भी सैलानियों का जमावड़ा नजर आया. दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब से बड़ी संख्या में टूरिस्ट यहां पहुंच रहे हैं. मैदानी इलाकों में पारा 40 डिग्री से पार हो गया है, जबकि मनाली में अभी 28 डिग्री पारा दर्ज हुआ है. लाहौल और ऊंचाई वाले इलाकों में अगले चार दिन बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
.
Tags: Chandigarh Manali National Highway, Change in weather, Himachal pradesh, Kullu Manali News, Manali tourism, Weather Alert
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 14:13 IST








