
मुंबई. अनुपम खेर लगातार फिल्में कर रहे हैं. बॉलीवुड से लेकर साउथ इंडस्ट्री में उनके पास कई फिल्में हैं और वह इन पर काम कर रहे हैं. इस बीच, वह अपकमिंग फिल्म ‘विजय 69’ के सेट पर चोटिल हो गए. फिल्म में अनुपम लीड रोल निभा रहे हैं. फिल्म की कहानी क एक 69 साल के आदमी की है, जो उम्र की परवाह किए बिना ट्रायथलॉन कंपीटिशन में हिस्सा लेने का फैसला करता है. फिल्म के सेट पर चोटिल होने के बाद अनुपम ने ब्रेक लिया है और आराम कर रहे हैं. उन्होंने अपने चोटिल होने की जानकारी खुद सोशल मीडिया पर शेयर की है.
अनुपम खेर ने थोड़ी देर पहले इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर शेयर की. इसमें वह हाथ में स्लिंग पहने हुए नजर आ रहे हैं, जिसे उन्होंने कंधे से सपोर्ट के लिए बांधा हुआ है. वह एक ब्लैक एंड व्हाइट चेकर्ड शर्ट और पैंट पहने हुए हैं. वह हाथ में एक गेंद पकड़े हुए हैं और मुस्कुराते हुए फोटो के लिए पोज दे रहे हैं. अनुपम ने तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि उनकी मां का कहना है कि उन्हें नजर लग गई है.
अनुपम खेर ने लिखा, “आप स्पोर्ट्स फिल्म करो और आप घायल ना हो!! ऐसा कैसे हो सकता है? कल विजय 69 की शूटिंग के दौरान कंधे में अच्छी ख़ासी चोट लगी. दर्द तो है पर जब कंधे पर स्लिंग लगाने वाले भैया ने बताया की उन्होंने ने ही शाहरुख खान और ऋतिक रोशन के कंधों को इस स्लिंग से सजाया था तो पता नहीं क्यों दर्द का एहसास थोड़ा कम हो गया!”
अनुपम खेर ने आगे लिखा,”पर वैसे अगर थोड़ा ज़ोर से खांसू तो मुंह से हल्की-सी चीख जरूर निकलती है! फ़ोटो में मुस्कुराने के कोशिश सच्ची है! एक दो दिनों बाद शूटिंग जारी रहेगी. वैसे मां ने सुना तो बोली, “और दिखा अपनी बॉडी दुनिया को!! तुझे नज़र लग गई!” मैंने जवाब दिया “मां! गिरते है शहसवार ही मैदान ए जंग में. वो तिफल क्या गिरेगा जो घुटनों के बल चले!” मां झांपड़ मारते मारते रुक गई!”
.
Tags: Anupam kher
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 12:49 IST








