
हाइलाइट्स
पाकिस्तान में सियासी उठापटक थमने का नाम नहीं ले रहा है.
इमरान खान की पार्टी के बड़े नेता उऩका साथ छोड़ सकते हैं.
बिलावल की पार्टी के नेता ने PTI नेताओं को लेकर बड़ा दावा किया है.
इस्लामाबाद: पड़ोसी देश पाकिस्तान (Pakistan) में सियासी तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस बीच खबर है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के कुछ बड़े नेता उऩका साथ छोड़ सकते हैं. पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के नेता फैसल करीम कुंडी ने रविवार को दावा किया कि PTI के अग्रिम पंक्ति के कुछ नेताओं ने PPP में शामिल होने में रुचि दिखाई है.
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार करीम कुंडी ने एक प्रेस वार्ता में कहा, ‘PTI के कुछ शीर्ष नेता पीपीपी के संपर्क में हैं और हमारी पार्टी में शामिल होना चाहते हैं. हालांकि, PPP नेतृत्व ने अभी तक इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया है. वे (PTI नेता) वे हैं जिन्होंने लाल रेखा पार कर ली है और वे तब तक PPP में शामिल नहीं हो सकते जब तक कि हमारी पार्टी उन्हें मंजूरी नहीं देती.’ करीम कुंडी के इस दावे के बाद PTI में एक बार फिर खलबली मच गई है.
उन्होंने कहा, ‘PTI के अध्यक्ष इमरान खान एक ‘स्वार्थी व्यक्ति’ हैं. जिन्होंने अपने शुभचिंतकों और मददगारों की उपेक्षा की और इसलिए, उनकी पार्टी के कई नेता तंग आ चुके हैं. इसलिए PTI से तंग आ चुके नेता PPP में शामिल होना चाहते हैं.’ बता दें कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) बिलावल भुट्टो जरदारी (Bilawal Bhutto Zardari) की पार्टी है और वह पाकिस्तान के विदेश मंत्री हैं.
वहीं इमरान खान की पार्टी पिछले दिनों उनकी गिरफ्तारी के बाद तब सुर्खियों में आ गई थी जब PTI ने पूरे पाकिस्तान में हिंसक विरोध प्रदर्शन किया था. गौरतलब है कि नौ मई को इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के परिसर से अर्धसैनिक बल के कर्मियों द्वारा खान को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद पूरा पाकिस्तान सुलग उठा था. पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिन्ना हाउस (लाहौर कोर कमांडर हाउस), मियांवाली वायुसेना अड्डा और फैसलाबाद में आईएसआई भवन सहित एक दर्जन सैन्य प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की थी. रावलपिंडी में सेना मुख्यालय पर भी भीड़ ने हमला किया था.
.
Tags: Imran khan, Pakistan
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 12:37 IST








