
गुलशन सिंह/बक्सर. राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर बक्सर से पटना के बीच छोटी-बड़ी गाड़ियां फर्राटा भरने लगी हैं. इस रास्ते पर गाड़ियों से टोल वसूलने के लिए एनएचएआई ने दो टोल प्लाजा बनवाए हैं. बक्सर से राजधानी पटना के बीच एक टोल प्लाजा भोजपुर जिला के कुल्हड़िया में बना है तो दूसरा बक्सर जिला के दलसागर में. दोनों टोल नाकों पर टोल टैक्स वसूली का काम भी शुरू हो चुका है. इस दौरान गाड़ियों की श्रेणी के हिसाब से सबके अलग-अलग टैक्स निर्धारित हैं.
टोल प्लाजा पर लगे रेट चार्ट के मुताबिक जीप व कार के लिए 95 रुपए, हल्के व्यावसायिक वाहन के लिए 150 रुपए, बस और ट्रक के लिए 315 रुपए, तीन धुरी वाहन से 345 रुपए, चार से छह धुरी वाले वाहन से 495 रुपए, विशाल वाहन या सात धुरी वाहन के लिए 605 रुपए प्रति ट्रीप टोल टैक्स निर्धारित है. वहीं ट्रैक्टर, दोपहिया वाहन व ऑटों को टैक्स फ्री रखा गया है. हालांकि व्यावसायिक ट्रैक्टरों को शुल्क देने होंगे.
इस कड़ी में बक्सर के दलसागर स्थित टोल प्लाजा पर टैक्स वसूली शुरू होने से स्थानीय लोगों में टैक्स को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. इस असमंजस को दूर करने के लिए जब टोल प्लाजा मैनेजर शेखर सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर की रेंज में रहनेवाले वाहन मालिकों के लिए मासिक पास की सुविधा उपलब्ध है.
टोल प्लाजा मैनेजर शेखर सिंह बताया कि बक्सर नंबर प्लेट BR-44 वाले वाहन या अन्य जगह के वाहन जो बक्सर के पते पर रजिस्टर्ड होंगे, वे 330 रुपए देकर मासिक पास बनवा सकते हैं. इसके लिए वाहन मालिक को गाड़ी का आरसी और स्थानीय पता वाला आधार कार्ड टोल प्लाजा कार्यालय में देना होगा, जिसके बाद मात्र 5 मिनट में मासिक पास बन जाएगा. मैनेजर शेखर सिंह ने बताया कि मासिक पास के लिए भी फास्ट टैग जरूरी है. उन्होंने बताया कि टोल के बदले यात्रियों को बहुत सारी सुविधाएं भी दी जा रही हैं. इनमें एम्बुलेंस, क्रेन, मैकेनिक, मेडिकल सेंटर, पेयजल, शौचालय सहित कई सुविधाएं शामिल हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 12:32 IST








