
नई दिल्ली. इलेक्ट्रिक कारों का बाजार बढ़ता जा रहा है. लोग भी इन कारों को लेना पसंद कर रहे हैं लेकिन आज भी उनके सामने सबसे बड़ी समस्या इन्हें घर पर ही चार्ज करने की है. जहां एक तरफ फास्ट चार्जिंग के स्टेशंस की कमी है तो दूसरी तरफ घर पर चार्जिंग में लगने वाला घंटों का समय लोगों के लिए बड़ी परेशानी है. हालांकि इस समस्या को आसानी से सॉल्व भी किया जा सकता है. घर पर आप अपनी इलेक्ट्रिक कार को सामान्य चार्जर के मुकाबले भी एक चार्जिंग पॉइंट फिक्स करने के बाद तेजी से चार्ज कर सकते हैं.
अपनी कार को घर पर ही तेजी से चार्ज करने के लिए आपको अलग से एक चार्जर इंस्टॉल करवाना होगा. ये चार्जर आपको कार डीलरशिप पर आसानी से मिल जाएगा. हालांकि इस चार्जिग पॉइंट और चार्जर के लिए आपको अलग से रुपये देने होंगे. आइये जानते हैं कौन सा है ये चार्जर और इसे घर पर कैसे करें इंस्टॉल.
इलेक्ट्रिक कारों के लिए फास्ट चार्जर के साथ ही टाइप 2 चार्जर भी उपलब्ध हैं. ये चार्जर आप आसानी से कार के पार्किंग एरिया या गैराज में फिट करवा सकते हैं. हालांकि इसके लिए आपको बिजली बोर्ड को सूचना देनी होगी और उन्हीं के इलेक्ट्रिशियन या किसी सर्टिफाइड इलेक्ट्रिशन से आप इसको इंस्टॉल करवा सकते हैं. ये चार्जर आपकी कार को सामान्य घर के चार्जर के मुकाबले काफी तेजी से चार्ज करेगा और ये फुल चार्जिंग के लिए 6 से 7 घंटे का समय लेगा. वहीं सामान्य चार्जर इस काम में 12 से 13 घंटे तक का भी समय ले लेता है.
हालांकि टाइप 2 चार्जर को इंस्टॉल करने से पहले आपको अपने घर की बिजली का लोड भी देखना होगा. ये कम से कम 3 किलोवॉट का होना चाहिए. इससे कम लोड होने पर ये सही तरीके से काम नहीं करेगा और बार बार एमसीबी ट्रिप होगी. इस चार्जर को इंस्टॉल करने से आपके घर की बिजली का खर्च भी कुछ बढ़ सकता है लेकिन ये बहुत ज्यादा फर्क नहीं होगा. इन चार्जर्स को हाईराइज बिल्डिंग में भी पार्किंग एरिया में इंस्टॉल करवाया जा सकता है.
.
Tags: Auto News, Car Bike News, Electric Car
FIRST PUBLISHED : January 20, 2023, 00:47 IST








