
हाइलाइट्स
थार को जल्द ही 5 डोर के साथ बाजार में उतारा जाएगा.
एसयूवी का व्हील बेस बढ़ाया जा सकता है.
इसके इंजन में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा.
नई दिल्ली. अपनी पापुलर एसयूवी थार का नया वेरिएंट जल्द ही महिंद्रा बाजार में उतारेगी. लंबे समय से थार के 5 डोर वेरिएंट की मांग थी और अब कंपनी ने उसको तैयार भी कर लिया है. इस एसयूवी को रोड टेस्ट के दौरान कई बार स्पॉट भी किया जा चुका है. नई थार सीधे तौर पर मारुति सुजुकी जिम्नी को टक्कर देगी और इसके साथ ही गुरखा के लिए भी और परेशानियां खड़ी होंगी. पहले से ही थार ने हार्ड कोर ऑफ रोडर के तौर पर बाजार पर कब्जा कर रखा है और 5 डोर आने के बाद ये एक फैमिली एसयूवी की तरह भी अपना वर्चस्व जमा सकती है.
गाड़ी में कई बदलाव देखने को मिलेंगे. हालांकि इंजन में कोई भी बदलाव नहीं किया जाएगा. एक बड़ा बदलाव जो देखने को मिलेगा वो है कि थार का ये वेरिएंट सॉफ्ट टॉप के साथ नहीं आएगा. ये केवल हार्ड टॉप में ही मिलेगा. वहीं कार के डिजाइन को भी कुछ बदला गया है, साथ ही इसमें स्पेस भी अब पहले के मुकाबले ज्यादा होगा क्योंकि 5 डोर के चलते कार का व्हील बेस बढ़ाया गया है. एसयूवी में अब नया हेडलाइनर, फ्रंट आर्मरेस्ट, सनग्लास होल्डर और इलेक्ट्रॉनिक सनरूफ देखने को मिलेगी.
पावर में बदलाव नहीं
थार के इंजन के साथ कंपनी ने कोई भी बदलाव ऑफर नहीं किया है. पहले की तरह ही ये पेट्रोल और डीजल इंजन में ऑफर की जाएगी. इसमें 2.2 लीटर का डीजल इंजन मिलेगा जो 130 पीएस की पावर जनरेट करेगा. वहीं पेट्रोल इंजन 2.0 लीटर का होगा जो 150 पीएस की पावर देगा. कार को मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के अलग अलग मॉडल्स के साथ ऑफर किया जाएगा. वहीं इसमें आप फोर बाई फोर का विकल्प भी चुन सकते हैं.
फिलहाल कंपनी ने इसकी लॉन्च डेट को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है लेकिन माना जा रहा है कि ये जुलाई या अगस्त में लॉन्च की जा सकती है. यदि ऐसा होता है तो हाल ही में लॉन्च की गई जिम्नी से इसकी कड़ी टक्कर होगी क्योंकि जिम्नी भी बाजार में इसी समय के आस पास उतारी जाएगी.
.
Tags: Auto News, Car Bike News, Mahindra Thar
FIRST PUBLISHED : January 20, 2023, 00:38 IST








