
बेंगलुरु. कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु (Bengaluru) में भारी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है. शहर में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश से जगह-जगह जलजमाव की शिकायतें आईं. इस बीच शहर में इस तूफानी बारिश के कारण 23 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक छोटा बच्चा लापता है.
महिला की पहचान भानु रेखा के रूप में हुई है, जो इंफोसिस में काम करती थी. उनकी मौत केआर सर्किल अंडरपास में पानी भरने से हुई. बताया जा रहा है कि इसी अंडरपास में मृतक की कार डूब गई थी, जिसमें एक ही परिवार के कुल सात लोग सवार थे.
सिद्धारमैया ने अस्पताल जाकर जताई संवेदना
इस दुखद घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने संवेदना व्यक्त की है. इसके साथ ही उन्होंने मृतक परिवार के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया है. सिद्धारमैया ने निजी अस्पताल का दौरा करते हुए मृतक महिला के परिवार को 5 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है.
यह भी पढ़ें- त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब देब बोले- BJP के संगठनात्मक मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं ‘बाहरी’
पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों ने केआर सर्किल अंडरपास पर एक वाहन को भारी बारिश में डूबते हुए देखा था और उन्होंने लोगों को इसके बारे में सतर्क किया था. घटना के बाद मौके पर पहुंचे बचाव दल ने कार से तीन महिलाओं सहित कुल सात लोगों को बाहर निकाला.
इसमें से छह लोग खतरे से बाहर हैं, लेकिन इलाज के दौरान अस्पताल में भानु रेखा ने दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि भानु रेखा की मौत ज्यादा पानी निगलने से हुई है.
हैरानी वाली बात यह रही कि केआर सर्किल पर सबवे को बैरिकेडिंग कर दिया गया था. वजह भारी बारिश के कारण सबवे में ज्यादा मात्रा में जलजमाव था. इसके बावजूद कैब चालक ने उधर से ही गाड़ी लेकर निकला, जिसके चलते यह दुखद घटना घटी.
.
Tags: Bengaluru, Flood, Heavy rains, Infosys
FIRST PUBLISHED : May 21, 2023, 22:17 IST








