
Nissan Magnite New Variant: कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में गाड़ियों की बिक्री तेजी से बढ़ रही है. इसी मौके का फायदा उठाते हुए निसान अपनी Magnite SUV को अपडेट करने जा रही है. निसान इंडिया ने हाल ही में घोषणा की है कि वह 26 मई को देश में Magnite एसयूवी के नए Geza वैरिएंट को लॉन्च करेगी. इसी के साथ कंपनी ने 11,000 रुपये की टोकन राशि में मैग्नाइट गेजा की बुकिंग लेना भी शुरू कर दिया है.
कंपनी मैग्नाइट के नए वैरिएंट को कई नए फीचर्स और कलर ऑप्शन का अपडेट दे रही है. मैग्नाइट गेजा को पांच मोनो-टोन रंगों में पेश किया जाएगा, जिसमें ब्लेड सिल्वर, फ्लेयर गार्नेट रेड, स्ट्रॉम व्हाइट, सैंडस्टोन ब्राउन और ओनिक्स ब्लैक जैसे रंग शामिल होंगे. यह एसयूवी डुअल टोन रंग में उपलब्ध नहीं होगी.
फीचर्स की बात करें तो, इस वैरिएंट में 9 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी, जेबीएल स्पीकर, रिवर्स पार्किंग कैमरा, ऐप बेस्ड कंट्रोल के साथ एम्बिएंट लाइटिंग, शार्क फिन एंटीना और बेज सीट अपहोल्स्ट्री जैसे फीचर्स देखने को मिलेंगे.
Magnite Geza को कंपनी 1.0 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ पेश करेगी. यह इंजन 71bhp की पॉवर और 96Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है. ट्रांसमिशन के लिए इसमें 5 स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स उपलब्ध होगा.
Nissan Magnite भारत में कंपनी की बेस्ट सेलिंग एसयूवी है. भारत में इसे 5 लाख रुपये की शुरूआती कीमत पर लॉन्च किया गया था, लेकिन अब इसकी कीमत 6 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है. इस कीमत पर यह देश में बिकने वाली सबसे किफायती एसयूवी में से एक है.
भारत में निसान मैग्नाइट का मुकाबला टाटा पंच, हुंडई वेन्यू, किया सॉनेट और रेनो काइगर से है. भारत में जल्द लॉन्च होने वाली हुंडई की कॉम्पैक्ट एसयूवी हुंडई एक्सटर से भी मैग्नाइट को चुनौती देगी.








