
अभिषेक जायसवाल/वाराणसी : यूपी के वाराणसी में गर्मी का थर्ड डिग्री टॉर्चर जारी है.वाराणसी में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.लगातार बढ़ते तापमान से आम जन जीवन पूरी तरह बेहाल हैं. गर्मी से हैरान-परेशान लोगो के लिए बुरी खबर है.मौसम विभाग का अनुमान है कि जिले में वीकेंड में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
भारतीय मौसम विभाग के वेबसाइट के अनुसार 20 मई को वाराणसी में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.इसके अलावा पूरे दिन आसमान साफ रहेगा जिसके कारण सूर्य की तपिश से पूरे दिन लोग झुलसते रहें.वहीं शाम के वक्त भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी.
21 मई को 44 डिग्री पहुंच सकता है पारा
वहीं बात 21 मई की करें तो रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी 1 डिग्री सेल्सियस का उछाल आ सकता है.अनुमान है कि 21 मई को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
23 के बाद थोड़ा बदल सकता है मौसम
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी में इस हफ्ते के बाद मौसम में थोड़े बदलाव की उम्मीद है. 23 मई के बाद आसमान में थोड़े बादलों की आवाजाही दिख सकती है.हालांकि बारिश होगी या नहीं इसका अभी ठीक ठीक अनुमान नहीं लगाया जा सकता है.लेकिन इससे तापमान में बहुत बदलाव के आसार नहीं होंगे लिहाजा पूरे मई महीने में गर्मी यूं ही लोगों को सताती रहेगी.








