
अंजलि सिंह राजपूत/ लखनऊ. आपको जानकर हैरानी होगी कि लखनऊ में कोई मेट्रो स्टेशन आपको किराए पर मिल सकता है. यह पढ़कर आपको यकीन नहीं होगा लेकिन यह हकीकत है. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड एक अनोखी स्कीम लेकर आया है. जिसके तहत कोई भी व्यक्ति मेट्रो स्टेशन को किराए पर ले सकता है. इस नई स्कीम में लखनऊ मेट्रो अपने मेट्रो स्टेशनों पर कार्यशाला और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है.
लखनऊ मेट्रो के स्टेशनों में कार्यशाला और प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को एक प्लेटफॉर्म मिलेगा. जहां से बच्चे छुट्टियों में नए हुनर सीख सकेंगे. इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से उन शिक्षक भी आसानी से अपने ज्ञान और हुनर को लोगों तक पहुंचा पाएंगे. लखनऊ मेट्रो के स्टेशनों को कौशल प्रशिक्षक मामूली शुल्क देकर पूरे चार घंटों के लिए किराए पर लिया जा सकता है.
ऐसे करें आवेदन
लखनऊ मेट्रो के प्रवक्ता हितेश ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में रुची रखने वाले शिक्षक लखनऊ मेट्रो स्टेशनों पर जगह लेने के लिए hiteshchandna1987@gmail.com ईमेल आईडी या 9811645690 मोबाइल नंबर पर संपर्क कर आवेदन दे सकते हैं. यूपीएमआरसी के एमडी सुशील कुमार ने बताया कि यह ग्रीष्मकालीन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों, प्रशिक्षकों और कोच को विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के बीच अपने ज्ञान का प्रसार करने के लिए प्रेरित करेगा. हमारे देश में प्रतिभाओं का एक बड़ा पूल है और सही मंच की अनुपस्थिति के कारण यह प्रतिभा पहचानी नहीं जाती है.इसलिए, बच्चों को सही मंच प्रदान करने और उन्हें उचित मान्यता प्रदान करने के लिए यह पहल निश्चित रूप से रचनात्मक कौशल पैदा करेगी.








