सचिन पायलट के आंदोलन का साइड इफेक्ट! BJP में कांग्रेस नेताओं की एंट्री शुरू, सीपी जोशी ने किया बड़ा दावा

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाइलाइट्स

बीजेपी में नेताओं की ज्वाइनिंग का सिलसिला शुरू
पूर्व सांसद सुभाष महरिया ने की घर वापसी
सीपी जोशी का दावा- आने वाले समय में और भी कई लोग होंगे शामिल

जयपुर. विधानसभा चुनावों (Rajasthan Assembly Election) से पहले पार्टियों में उठापठक का दौर शुरू हो गया है. सीकर के कद्दावर नेता सुभाष महरिया ने शुक्रवार को घर वापसी की तो कुछ रिटायर्ड प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है. बीजेपी ने कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज बताते हुए आने वाले समय में और भी नेताओं की एंट्री का दावा किया है.  पेपरलीक और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूर्व पीसीसी चीफ सचिन पायलट अपनी ही सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, तो अब इन्हीं मुद्दों को लेकर नेताओं के पार्टी को छोड़कर बीजेपी का दामन थामने की शुरुआत हो चुकी है. सीकर से किसान वर्ग से आने वाले पूर्व सांसद सुभाष महरिया ने अपने समर्थकों के साथ बड़े नेताओं की मौजूदगी बीजेपी दामन थाम लिया है.

बीजेपी में एंट्री के साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. सुभाष महरिया ने कहा कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र में जो वादे किए वो अब तक पूरे नहीं किए गए हैं. उन्होंने कहा कि पेपरलीक और भ्रष्टाचार को लेकर युवा और किसान परेशान हैं. आज भ्रष्टाचार 40 फीसदी तक पहुंच गया है. बेरोजगारों के साथ हुए अन्याय से इस कदर आहत हुआ कि बंद कमरे की पॉलिटिक्स को छोड़ कर आ गया. महरिया के अलावा रिटायर्ड प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बीजेपी की सदस्यता ली है. इनमें पूर्व डीजी गोपाल मीणा ,पूर्व आईपीएस रामदेव सिंह खैरवा,पूर्व आईएएस पृथ्वीराज मीणा,एनएसयूआई के पूर्व नेता नरसी किराड ,पूर्व कमिश्नर भारतीय राजस्व सेवा सीआर मीणा,गंगापुर सिटी के हेमंत शर्मा शामिल रहे.

बीजेपी ने किया बड़ा दावा
पूर्व सांसद सुभाष महरिया और पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों की बीजेपी में एंट्री को पार्टी के नेता अभी शुरुआत बता रहे हैं. बीजेपी नेताओं का दावा है कि आने वाले समय में और भी नेताओं की पार्टी में ज्वॉइनिंग होगी. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कई नेता पार्टी में आने का लंबे समय से कोशिश कर रहे हैं. इस मामले में अनुशासन समिति की निर्णय पर पार्टी में ज्वॉइनिंग हो रही है, जबकी प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कानून व्यवस्था से लेकर भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता त्रस्त और पार्टी में सिर फुटव्वल हो रही है. सुभाष महरिया को पार्टी में लाने में विशेष भूमिका निभाने वाले नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड ने कहा कि अब डूबते हुए जहाज से समझदारों ने किनारा करना शुरू कर दिया है. इस ज्वॉइनिंग से कांग्रेस के विघटन का बिज बो दिया गया है. उन्होंने कहा कि अब फॉर्च्युनर नहीं अब तिपहिया जितनी सीटें कांग्रेस की आएगी.

आपके शहर से (जयपुर)

ये भी पढ़ें: Wrestlers Protest: कांग्रेस नेता सचिन पायलट पहुंचे जंतर-मंतर, प्रदर्शन कर रहे पहलवानों से की मुलाकात

चुनावी सीजन में दलबदल और विचार धारा में बदलाव का दौर शुरू हो जाता है. राजनीतिक पार्टियां उन नेताओं को पार्टी में शामिल करने में जुट जाती है, जिनसे पार्टी को फायदा मिले. सुभाष महरिया के बाद अभी भी कई ऐसे नेता है जो भारतीय जनता पार्टी में वापसी करना चाहते हैं, लेकिन पार्टी में हो रही गुटबाजी के बीच उनकी वापसी में अड़चनें खड़ी हो रही है. देवी सिंह भाटी,सुरेंद्र गोयल और पूर्व विधायक विजय बंसल की भी घर वापसी की चर्चाएं काफी समय से जारी हैं, लेकिन अब तक उस पर निर्णय नहीं हो पाया है.

Tags: Ashok Gehlot Vs Sachin Pilot, Jaipur news, Rajasthan news, Sachin pilot

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें