
रामकुमार नायक/महासमुंद. गांव में बनने वाले छोटे-बड़े सभी उत्पादों को एक छत के नीचे लाने के लिए जिला मुख्यालय महासमुंद में सी-मार्ट स्टोर की शुरूआत की गई. इससे गांव के लोगों और स्व सहायता समूह की महिलाओं के रोजगार के साथ आय के साधन भी बढ़ रहे हैं. यह सी मार्ट सरकारी सुपर बाजार की तर्ज पर शुरू हुआ है. स्टोर में महिला स्व सहायता समूह की ओर से निर्मित उत्पादों को बिक्री के लिए रखा गया है.
स्व सहायता समूह की महिलाओं को हो रहा मुनाफा
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित गौठानों में महिला स्व सहायता समूह को उनके उत्पादकों के लिए बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश सी-मार्ट स्टोर खोलने की प्रक्रिया अब भी जारी है. इससे देसी उत्पादों को शहरों में बड़ा बाजार मिल रहा है और स्व सहायता समूह की महिलाओं को मुनाफा हो रहा है. जिसकी वजह से उनकी आर्थिक स्थिति भी और बेहतर होगी.
सी मार्ट संचालित करने वाली शशिप्रभा चंद्राकर ने बताया कि सी मार्ट में जिले के स्थानीय महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों की बिक्री की जा रही है. घरेलू उपयोगी लगभग सभी सामान महासमुंद जिले के सी मार्ट में उपलब्ध है. जिन लोगों को देसी स्थानीय सामान की जरूरत होती है, उन्हें इस सी मार्ट में मिल जाएगा.
ये चीजें हैं उपलब्ध
खाने की चीजों में लाई बड़ी, बिजौरी बड़ी, रखिया बड़ी, मखना बड़ी उपलब्ध हैं. मार्केट में इन बड़ियों की अच्छी डिमांड है. महिलाओं द्वारा बनाया गया बांस का सामान, देसी झाड़ू, टॉयलेट क्लीनर बहुत कम दाम में मिल जाता है. जिले की कई महिला सहायता समूहों द्वारा डिटर्जेंट पाउडर बनाया जा रहा है. उनका भी सामान सी मार्ट में बेचा जा रहा है. बिहान समूह से जुड़ी महिलाओं से संपर्क कर उनके द्वारा बनाए जा रहे सामान सी मार्ट में मंगाया जाता है.
36 – 38 महिला स्व सहायता समूह से आता है सामान
महासमुंद जिले के सी मार्ट में जिले के 36 – 38 महिला स्व सहायता समूह से सामान आता है. गुरुकृपा महिला स्व सहायता समूह बरबसपुर से फिनाइल, पिथौरा की महिला समूह से निरमा मंगाकर सी मार्ट में बेचा जा रहा है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं. जिन महिला समूहों के उत्पादों का रिस्पॉन्स अच्छा रहता है उसे ज्यादा समान मंगाया जा रहा है. लगभग सभी समूह बाजार भाव में सामान दे रही हैं. जिसे सी मार्ट के जरिए बेचा जा रहा है.
.
Tags: Chhattisgarh news, Latest hindi news, Mahasamund News
FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 10:05 IST









