कमजोरी बनाई ताकत! ट्रेन हादसे के बाद अपने पैरों को बना लिया हाथ, पढ़ें शीला शर्मा की कहानी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊ. यूपी के लखनऊ की रहने वाली शीला शर्मा ने चार साल की उम्र में एक ट्रेन हादसे में अपनी मां और अपने भाई को गंवा दिया. इस हादसे में शीला ने अपने दोनों हाथ भी गंवा दिए थे. इसके बावजूद उन्होंने अपना जज्बा और हौसला नहीं गंवाया बल्कि अपनी ताकत बनाकर पैरों से ही लिखना सीख लिया. पैरों से ही पेंटिंग बनाना सीखा. वर्तमान में लखनऊ की शीला शर्मा का नाम दुनिया के जाने-माने फुट पेंटर्स में शामिल है.

लखनऊ के अलीगंज में रहने वाली शीला शर्मा ने बताया कि उनकी मां ज्योति और भाई चंद्रशेखर की ट्रेन हादसे में मृत्यु हो गई थी. उन्होंने अपने दोनों हाथ गंवा दिए थे, लेकिन उनके अंदर कुछ करने का जज्बा था. इस वजह ने उनको फुट पेंटर बना दिया. उन्होंने बताया कि लोग जब उन्हें पैरों से पेंटिंग करते हुए देखते हैं, तो पास आकर प्रोत्साहन देते हैं और गर्व महसूस करते हैं. कई लोग ऐसे भी होते हैं जो बार-बार आकर एक ही हादसे को पूछते हैं, लेकिन उन्हें इन सब बातों का बुरा नहीं लगता है और वह अपने साथ हुए हादसे को बता देती हैं. इसके बाद लोग उन्हें भविष्य की शुभकामनाएं भी देते हैं. लोग उन्हें मेहनत करता देख उनका हौसला बढ़ाते हैं. शीला शर्मा ने बताया कि उन्होंने लखनऊ के आर्ट्स कॉलेज से आर्ट एंड क्राफ्ट में पढ़ाई की थी. यहीं से पेंटिंग बनाने का जज्बा जगा.

दो प्यारी बेटियों की हैं मां
शीला शर्मा की दो बेटियां आराध्या और हर्षिता हैं. दोनों बेटियों को भी अपनी मां पर बेहद गर्व है. हर्षिताऔर आराध्या ने बताया कि मां उन्हें स्कूल के प्रोजेक्ट में खास तौर पर आर्ट में बहुत मदद करती हैं. उनके दोस्त और स्कूल के टीचर्स भी उनकी मां को समाज के लिए प्रेरणा मानते हैं. बता दें कि शीला शर्मा के पति सुधीर शर्मा भी एक जाने-माने मूर्तिकार हैं. लखनऊ के तमाम चौराहों पर उनकी बनाई हुई मूर्तियां लगी हुई हैं.

मिल चुके हैं कई अवार्ड
शीला शर्मा ने बताया कि उन्हें पैरों से पेंटिंग बनाने के लिए देश के अलग-अलग कोनों में कई अवार्ड मिल चुके हैं. ललित कला केंद्र जहां पर वह अपनी प्रदर्शनी लगाती हैं, वहां से भी उन्हें सम्मान मिल चुका है. इसके अलावा वह बच्चों को पेंटिंग करना भी सिखाती हैं और नि:शुल्क कलर और दूसरी पेंटिंग सामग्री देती रहती हैं.

.

FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 09:02 IST

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें