त्र्यंबकेश्वर मंदिर मामला: मुस्लिम युवकों के बचाव में उतरी उद्धव ठाकरे सेना, कहा- भाजपा का हिंदुत्व ‘गोमूत्रधारी’

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मुंबई: शिवसेना(UBT) ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के जरिए त्र्यंबकेश्वर की घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है. उद्धव ठाकरे की पार्टी ने मुस्लिम युवकों का समर्थन करते हुए बीजेपी के हिंदुत्व को बताया गोमूत्रधारी बताया है. शिवसेना यूबीटी ने सामना में लिखा है, ‘हिन्दू धर्म को खतरा धूप दिखाने मुस्लिम युवकों से नहीं, बल्कि इन गोमूत्रधारियों से है. भारतीय जनता पार्टी को ऐसा लगता है कि वही दुनिया में हिंदुत्व की एकमात्र ठेकेदार है. लेकिन स्वघोषित ठेकेदारों ने अपने अधीन उपठेकेदारों की नियुक्ति करके हिंदुत्व के नाम पर जो कर्कश हंगामा खड़ा किया है, उसे देखकर दो हिंदूहृदयसम्राट वीर तात्याराव सावरकर और शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे भाजपा को श्राप ही दे रहे होंगे.’

शिवसेना (UBT) ने सामना में आगे लिखा है, ‘भाजपा का हिंदुत्व ‘गोमूत्रधारी’ ही है. उनके हिंदुत्व का न आगा है और न पीछा है. विचारों का आधार तो बिल्कुल नहीं है, यह त्र्यंबकेश्वर में घटी घटना से साबित हो गया है. त्र्यंबकेश्वर में हिंदुत्व के नाम पर दंगा भड़काकर उसका रिएक्शन महाराष्ट्र में फैलाने की योजना हिंदुत्व के उपठेकेदारों ने बनाई थी, लेकिन नासिक-त्र्यंबक की संयमी और समझदार जनता के कारण यह साजिश सफल नहीं हुई. शनिवार को जुलूस के दौरान मुस्लिम समुदाय के पांच-सात युवक त्र्यंबकेश्वर में धूप दिखाने के लिए उत्तरी प्रवेश द्वार के पास खड़े हो गए. वैसे इस तरह धूप दिखाने की प्रथा बहुत पुरानी है, लेकिन इस बार उपठेकेदारों ने इस धूप की घटना को भुनाया और मंदिर में मुस्लिमों ने घुसने की कोशिश की, हिंदू धर्म संकट में है का हो-हल्ला मचाया.’

धूप दिखाने से संकट में आया हिंदुत्व, सावरकर को स्वीकार नहीं- शिवसेना (UBT)
शिवसेना (UBT) ने आगे​ लिखा, ‘इसमें राजनीतिक दबाव तकनीक का इस्तेमाल किया गया. इस मामले में त्र्यंबकेश्वर के ग्रामीणों से ज्यादा बाहर के लोग सामने आए और उन्होंने विवाद खड़ा कर दिया. खुद को हिंदुत्ववादी आदि कहने वाले बचकाने संगठनों को मंदिर शुद्धीकरण का ठेका किसने दिया? जब तक हिंदुत्व के नाम पर ये कालाबाजारी की दुकानें बंद नहीं होंगी, तब तक हिंदुत्व का मजाक उड़ता रहेगा. भगवान को मुसलमानों ने धूप दिखाई इसलिए संकट में आया डगमगाता हिंदुत्व, सावरकर को स्वीकार ही नहीं था. वास्तव में, हिंदू धर्म को असली खतरा त्र्यंबकेश्वर में धूप दिखाने वालों से नहीं, बल्कि गोमूत्र से शुद्धीकरण करने वालों से है. इन्हीं विचारधारा वाले लोगों के कारण देश गुलाम हुआ था.’

गोमूत्र का बैरल लेकर त्र्यंबकेश्वर में हंगामा मचाने वालों की जांच करें- शिवसेना (UBT)
उद्धव ठाकरे की पार्टी ने अपन मुखपत्र में लिखा, ‘गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने त्र्यंबकेश्वर में धूप-महाआरती मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल की घोषणा की है. इस जांच की कोई जरूरत नहीं थी. जो त्र्यंबकेश्वर में हुआ ही नहीं, उसकी जांच? यह सब उल्टा तरीका है और इससे भी गंभीर बात यह है कि राज्य के गृहमंत्री उतावलेपन में ऐसा करें. मूलरूप से जांच करनी है तो गोमूत्र का बैरल लेकर त्र्यंबकेश्वर में हंगामा मचाने वाले हिंदुत्व के उपठेकेदारों की करें.’ महाराष्ट्र के नासिक जिले में मौजूद भगवान शंकर के बारह ज्योतिर्लिंगों में एक त्रयंबकेश्वर मंदिर में मुस्लिम समुदाय के कुछ युवकों ने गत 13 मई की शाम चादर चढाने का प्रयास किया था, जिसके बाद से त्रयंबकेश्वर मंदिर चर्चा के केंद्र में है. हालांकि, मुस्लिम युवकों का कहना था कि यह दशकों पुरानी परंपरा है, जिसका वह पालन कर रहे थे और मंदिर के अंदर जाकर चादर चढाने की कोशिश नहीं की थी, बल्कि सिर्फ दूर से ही चादर दिखा रहे थे.

Tags: Maharashtra, Saamna, Shivsena, Uddhav thackeray

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें