
अशोक कुमार शर्मा/ श्रीगंगानगर. भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित राजस्थान के सरहदी जिले श्रीगंगानगर में सीमा पर पाकिस्तान में बैठे हेरोइन तस्करों की नापाक हरकतें लगातार सामने आ रही है. ऐसा ही एक मामला श्रीगंगानगर की रावला मंडी थाना क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल की नेमीचंद चेक पोस्ट एरिया में सामने आया जब सीमा पार पाकिस्तान से हेरोइन की कंसाइनमेंट लेकर भारतीय सीमा में पहुंचे पाकिस्तानी ड्रोन पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों के द्वारा 42 राउंड फायरिंग की गई.
सीमा सुरक्षा बल की 42 राउंड फायरिंग के बाद पाकिस्तानी ड्रोन वापस अपने सीमा क्षेत्र में लौट गया लेकिन बीएसएफ के द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन में 5 किलो 380 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. बीएसएफ के द्वारा जब्त की गई 5 किलो 380 ग्राम हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹25 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।.
बीएसएफ बीकानेर हेड क्वार्टर के डीआईजी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ भी नेमीचंद चेक पोस्ट पर पहुंचे और सीमा सुरक्षा बल जवानों की हौसला अफजाई करते हुए पूरी कार्रवाई को सराहा वहीं सूचना पर बीएसएफ और श्रीगंगानगर पुलिस के द्वारा आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी करते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया गया ताकि सीमा पर पाकिस्तान से आई हेरोइन को लेने आए स्थानीय तस्करों को धर दबोचा जा सके.
फिलहाल बीएसएफ, बॉर्डर इंटेलिजेंसी और श्रीगंगानगर पुलिस के द्वारा स्थानीय तस्करों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं तो वही सीमा सुरक्षा बल के द्वारा जोधपुर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में सीमा पार पाकिस्तान से आई हेरोइन को लेकर मामला दर्ज कराया गया है. संभावना जताई गई है कि सीमा पर पाकिस्तान से आई हीरोइन के कंसाइनमेंट को लेने के लिए पंजाब के स्थानीय तस्कर श्रीगंगानगर जिले में पहुंचे थे.
.
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 21:04 IST








