
अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊः यूपी की राजधानी लखनऊ में एक महंगा होटल है. इसके अंदर जाकर आपको महसूस होगा कि आप सच में तहजीब, अदब और नवाबों के शहर में हैं. इसका नाम ताज होटल है. यूं तो यहां पर रहने के लिए 12000 रुपये से कमरे की शुरुआत होती है. जबकि कई कमरे 20 हजार रुपये से भी महंगे हैं. अगर आप इस खास होटल को देखना चाहते हैं, तो आप इसके रेस्टोरेंट में जा सकते हैं.
इस रेस्टोरेंट में चारों ओर बड़े-बड़े झूमर लगे हैं, जो इसकी खूबसूरती को बढ़ा देते हैं. यहां पर काम करने वाले शेफ आपसे बड़ी ही नजाकत, नफासत और रूहानियत से बात करते हैं. यहां पर खाना बहुत महंगा नहीं है. वेज हो या फिर नॉनवेज दोनों तरह के खाने की शुरुआत 500 रुपये से लेकर 700 रुपये तक है. लगभग दो हजार रुपये में आप इस खास रेस्टोरेंट में अपने लाइफ पार्टनर या किसी खास के साथ लंच, डिनर या ब्रेकफास्ट कर सकते हैं. यकीन मानिए इस रेस्टोरेंट में बैठकर खाना आपके लिए हमेशा यादगार बन जाएगा.
मेन्यू भी है बेहद खास
ताज होटल में आपको वेज, नॉनवेज, कॉकटेल और मॉकटेल के साथ ही कॉफी और लखनऊ का लोकल फूड भी खाने के लिए मिलेगा. इस रेस्टोरेंट का मेन्यू भी इतना खास है कि आप देखते रह जाएंगे. लखनऊ के सभी होटल से सबसे बड़ा या यूं कहें कि यह सबसे ज्यादा पेज वाला मेन्यू होगा. इसमें खाने की इतनी वैरायटी है कि आप तय नहीं कर पाएंगे कि क्या ऑर्डर करें.
यहां जाने से पहले इन बातों का रखें ख्याल
ताज होटल में प्रवेश करते वक्त चेकिंग पॉइंट का खास ध्यान रखें. इसके बाद इसकी गैलरी को जरूर देखिए. इसकी गैलरी बेहद खूबसूरत है. अगर आप सिर्फ केक पेस्ट्री या फिर डोनट खाने के शौकीन हैं तो ये सब आपको 100 रुपये से लेकर 200 रुपये के अंदर ही गैलरी में ही मिल जाएगा. अगर आप कॉफी पीना चाहते हैं, तो वह भी आपको 500 रुपये के अंदर ही यहां मिल जाएगी.
.
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 18:05 IST








