
शिखा श्रेया/रांची. गर्मी के मौसम में बच्चों की गर्मी छुट्टी हो जाती है,तो सबसे पहले घर में घूमने का प्लान बनता है. खासकर अगर आप झारखंड की राजधानी रांची में है और कहीं अच्छी जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो हम आपके लेकर आए हैं रांची के कुछ चुनिंदा मंदिर. इस जगह भगवान के दर्शन के साथ-साथ मंदिर के खूबसूरत नजारे आपका मन मोह लेंगे.
रांची में धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर मंदिर काफी लोकप्रिय हैं. यहां से रांची की खूबसूरत नजारे दिखते हैं. वही, रांची- टाटा मार्ग पर स्थित देवड़ी मंदिर अपनी आदिवासी और हिंदू परंपरा के संगम के लिए प्रसिद्ध है. यहां की मूर्ति भी अपने आप में आकर्षण का केंद्र है. बात रांची की हो और पहाड़ी मंदिर का जिक्र न हो ऐसा हो नहीं सकता. पहाड़ी मंदिर पूरी रांची का केंद्र है. यहां से आप पूरे रांची का नजारा एक झलक में देख सकते हैं.
जगन्नाथपुर मंदिर ध्रुवा
गन्नाथपुर मंदिर रांची के सबसे लोकप्रिय मंदिर में से एक हैं. भगवान जगन्नाथ का दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है. इस मंदिर का निर्माण 1691 ई में नागवंशी राजा ठाकुर एनी नाथ शाहदेव ने किया था. यह उत्कल पुरी के जगन्नाथ मंदिर के तर्ज पर बनाया गया है. जून के महीने में यहां रथ मेला लगता है जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु इकट्ठा होते हैं. यह मेला करीबन 1 हफ्ते तक चलता है.
मंदिर में शादी, मंगल कार्य व नई गाड़ियों की पूजा भी कराई जाती है. मंदिर का निर्माण एक छोटी पहाड़ी पर किया गया है जिसकी ऊंचाई लगभग 85-90 मीटर है. ऊंचाई में होने की वजह से आपको यहां से पूरी रांची का मनमोहक नजारा देखने को मिलेगा. रांची के फिरआयालाल चौक यह से 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. आप यहां ऑटो, दोपहिया या चारपहिया वाहन से आ सकते हैं. मंदिर के कपाट दोपहर के 12 से 3 बजे तक बंद रहते हैं.
देवड़ी मंदिर, रांची- टाटा मार्ग
अगर आपको आदिवासी व हिंदू के परंपराओं का संगम देखना है तो आइए रांची- टाटा मार्ग पर स्थित देवड़ी मंदिर बेहद खास है. 16 भुजाओं वाली 700 साल पुरानी मां दुर्गा की मूर्ति आकर्षण का केंद्र है. इस मंदिर में हफ्ते के 6 दिन आदिवासी पुजारी पाहन पूजा करते हैं और 1 दिन ब्राह्मण पुजारी पूजा करते हैं. यहां लोग खासकर मन्नत मांगने आते हैं. बांस में पीले व लाल रंग के धागे बांध कर मन्नत मांगते हैं और मन्नत पूरी होने के बाद वापस आकर धागा को खोल देते हैं. भक्तों का तांता लगा रहता है. रांची के स्टार क्रिकेटर धोनी भी अक्सर क्रिकेट टूर पर जाने से पहले माथा टेकने एक बार जरूर आते हैं. यह रांची के जिला मुख्यालय से 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.
पहाड़ी मंदिर, किशोरगंज
अगर आपको एक नजर में पूरे रांची शहर का दीदार करना है तो आ जाइए रांची के किशोरगंज स्थित पहाड़ी मंदिर. अंग्रेजों के जमाने में इस पहाड़ पर क्रांतिकारियों को फांसी दी जाती थी. यह शिव मंदिर समुद्र तल से 2140 फीट और जमीन से 350 फीट की ऊंचाई पर स्थित है. मंदिर तक पहुंचने के लिए 468 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. यहां खासकर शिवरात्रि व सावन के महीने में श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ देखने को मिलती है. रांची रेलवे स्टेशन से यह 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.
.
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 11:49 IST









