
रिपोर्ट- सुमन भट्टाचार्या
जामताड़ा. अपने बयानों की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले जामताड़ा से कांग्रेस के विधायक डॉ इरफान अंसारी को अब सपने में बजरंगबली प्रकट हुए हैं, जिसके बाद उन्होंने जामताड़ा में ऐतिहासिक विशाल और भव्य बजरंगबली का मंदिर बनवाने एलान किया. विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में कई मंदिरों का निर्माण कराया है लेकिन बीजेपी ने जिस तरह से कर्नाटक के चुनाव में मंदिर भगवान और बजरंगबली को सामने लाया उसी समय बजरंगबली उनके सपनों में प्रकट हुए और उन्हें और कांग्रेस पार्टी को आशीर्वाद दिया, तभी ही उन्हें कर्नाटक चुनाव में जीत का विश्वास हो गया था.
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बजरंगबली ने सपने में उन्हें सत्य के पथ पर चलने और किसी की परवाह ना करते हुए सेक्यूलर होकर काम करने को कहा था. विधायक ने कहा कि उसी समय उन्होंने निर्णय ले लिया था कि जामताड़ा में ऐतिहासिक विशाल और भव्य बजरंगबली का मंदिर बनवाएंगे. कर्नाटक चुनाव की जीत में बजरंगबली का बहुत बड़ा योगदान है. बजरंगबली के प्रति मेरी श्रद्धा और आस्था है. हम धर्म के नाम पर राजनीति नहीं करते. हर चौक-चौराहे पर बजरंगबली का मंदिर बनवाएंगे.
.
Tags: Jharkhand news
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 23:20 IST








