
पटना. पति का दिव्यांग होना पत्नी को इस कदर रास नहीं आया कि उसने प्रेमी के मदद से उसकी हत्या करवा दी. हत्या की ये घटना राजधानी पटना की है. दरअसल पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के सहीम चक गांव में बीते 13 मई को दिव्यांग किराना दुकानदार मगन यादव की हत्या कर दी गई थी. हत्याकांड मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के संग मिलकर पति की हत्या कराई थी. पुलिस ने मृतक की पत्नी सोनी देवी और उसके आशिक सूरज कुमार उर्फ उदय यादव को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध कबूल लिया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा के अलावा एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है. पुलिस हत्याकांड में संलिप्त एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी अभियान में जुटी है. फतुहा पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए फतुहा डीएसपी सियाराम यादव ने बताया कि मृतक मगन यादव की पत्नी सोनी देवी ने ही अपने प्रेमी सूरज कुमार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी.
डीएसपी ने बताया कि दिव्यांग होने के कारण सोनी देवी अपने पति को पसंद नहीं करती थी. डीएसपी ने बताया कि सोनी देवी का बाढ़ के पंडारक निवासी सूरज कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उससे शादी भी करना चाहती थी. डीएसपी का कहना था कि मृतक मगन यादव को इस अवैध संबंध की जानकारी मिल गई थी और वह आए दिन इस बात का विरोध किया करता था, इसी बात से गुस्साए मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मगन यादव की हत्या की साजिश रच डाली. उन्होंने बताया कि सूरज अपने एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर बीते 13 मई को दिनदहाड़े गोली मारकर दिव्यांग दुकानदार मगन यादव की हत्या कर डाली. डीएसपी ने हत्याकांड में शामिल तीसरे आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है.








