
आईआईटी-एनआईटी जैसे देश के नामी शिक्षण संस्थाओं में दाखिले के लिए बेहद कड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं को पास करना होता है. इन संस्थानों में दाखिले के लिए छात्रों की भीड़ होने के पीछे की एक सबसे अहम वजह है यहां के छात्रों का शानदार प्लेसमेंट. इन संस्थाओं से बीटेक की डिग्री हासिल करने वाले छात्रों को लाखों में सैलरी मिलती है. लेकिन ऐसा नहीं है कि देश के दूसरे संस्थाओं की स्थिति एकदम से बुरी है. आज हम इसी संदर्भ में बात कर रहे हैं पटना यूनिवर्सिटी की. पटना यूनिवर्सिटी की गिनती देश के सबसे पुराने संस्थान में की जाती है. इस यूनिवर्सिटी की स्थापना ब्रिटिश राज में एक अक्टूबर 1917 को हुई थी. गंगा के तट पर स्थित यह यूनिवर्सिटी आज 105 साल की हो गई है. इस दौरान इसने इतिहास में कई अनोखे मौके भी देखे हैं.
एक समय राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त प्रोफेसरों का गढ़ रही यह यूनिवर्सिटी आज भी बिहार का प्रमुख संस्थान है. इस संस्थान ने एनआईआरएफ के लिए इस साल आवेदन किया है. इस यूनिवर्सिटी के अधीन साइंस कॉलेज और पटना वुमेंस कॉलेज जैसे संस्थान आते हैं. ये सभी बिहार के बेहतरीन संस्थान हैं. एक दौर में ये संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त थे. आज भी यह यूनिवर्सिटी 135 कोर्स संचालित करती है. इसमें ग्रेजुएशन से लेकर पीएचडी तक के कोर्स हैं. मास्टर स्तर पर इस यूनिवर्सिटी में एमबीए, एमसीए, एमएसडब्ल्यू जैसे कई प्रोग्राम संचालित हो रहे हैं. यहां हजारों की संख्या में छात्र पढ़ाई कर रहे हैं. इस यूनिवर्सिटी के तहत पटना कॉलेज, पटना साइंस कॉलेज, बिहार नेशनल कॉलेज, पटना लॉ कॉलेज, मगध महिला कॉलेज, पटना वुमेंस कॉलेज, वाणिज्य महाविद्यालय, कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड क्राफ्ट, पटना ट्रेनिंग कॉलेज और पटना वुमेंस ट्रेनिंग कॉलेज आते हैं. इस यूनिवर्सिटी में मास्टर स्तर पर 31 विभाग हैं.
211 छात्रों का प्लेसमेंट
जहां तक इस यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के बाद प्लेसमेंट की बात है तो पटना यूनिवर्सिटी ने कुछ सालों से प्लेसमेंट सेल की शुरुआत की है. एक रिपोर्ट के मुताबिक बीते वर्ष ग्रेजुएट और मास्टर के 211 छात्रों का प्लेसमेंट हुआ. इन्हें 3.5 सालाना का औसत पैकेज मिला. वहीं परास्नातक स्तर पर औसत सालाना पैकेज चार लाख रुपये रहा. बीते वर्ष प्लेसमेंट में स्नातक के 5983 छात्रों ने भाग लिया जिसमें से 114 का चयन हुआ. इसी पीजी स्तर पर करीब 100 छात्रों का चयन हुआ.
.
Tags: Patna university
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 17:44 IST








