
मो. सरफराज आलम / सहरसा. बिहार के सहरसा जिले में 3851 शिक्षकों की बहाली की जाएगी. शिक्षकों की नियुक्ति बीपीएससी की ओर से आयोजित परीक्षा के आधार पर की जाएगी. इसके लिए बीपीएससी ने शिक्षा विभाग से रोस्टर की मांग की है. शिक्षा विभाग ने हर वर्गों के लिए रोस्टर क्लियर करते हुए शिक्षकों की रिक्त पदों की सूची जिलाधिकारी को भेज दी है.
जिले में 1274 प्रारंभिक स्कूलों में 2090 शिक्षकों की बहाली होनी है, जबकि नवमीं और दसवीं के लिए 670 शिक्षक की बहाली होगी. इसी तरह से 11वीं-12वीं के लिए 1091 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. स्थानीय स्तर पर शिक्षा विभाग ने रोस्टर तैयार कर अनुमोदन के लिए जिला अधिकारी को भेज दिया है. रोस्टर जाने के बाद बीपीएससी खुद ही नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर देगी. जिले में सामान्य शिक्षक के 1778, उर्दू के 312, नवमीं और दसवीं के 670 शिक्षक, प्लस टू के 1091 पद पर कुल 3851 शिक्षकों की बहाली होनी है.
जिला शिक्षा विभाग के कार्यक्रम पदाधिकारी जियाउल होदा खां ने बताया कि जिले में 3851 शिक्षकों की बहाली की जाएगी. रोस्टर की तैयारी पूरी कर ली गई है. रोस्टर का अनुमोदन जिलाधिकारी से करा कर विभाग को भेज दिया गया है. शिक्षकों की नियुक्ति बीपीएससी द्वारा आयोजित परीक्षा के आधार पर होगी.
.
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 13:42 IST








