
अनिल राठी/फरीदाबाद: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है. एक बार फिर से बेटियों ने बेटों के मुकाबले प्रदेश भर में टॉप किया है. फरीदाबाद की स्वीटी ने प्रदेश में तीसरा और जिले में टॉप किया है. राजीव कॉलोनी में रहने वाली स्वीटी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी की लहर है.
परिवार वाले भी खासे उत्साहित हैं. उन्होंने मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की. स्वीटी ने दसवीं की परीक्षा में 500 में से 496 नंबर प्राप्त कर प्रदेश भर के साथ-साथ जिले का नाम भी रोशन किया है. टॉपर स्वीटी का कहना है कि परीक्षा परिणाम का उसको बेसब्री से इंतजार था. परीक्षा के लिए दिन-रात परिश्रम किया था.
डॉक्टर बनना लक्ष्य
स्वीटी का कहना है कि उसने अपनी मेहनत और लगन के साथ आज परिवार का नाम रोशन किया है. स्वीटी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार और टीचर्स को दिया है. उसका कहना है कि उसने फरीदाबाद में टॉप किया है, इससे भी वह उत्साहित है. स्वीटी ने बताया कि नीट की परीक्षा देकर वह डॉक्टर बनना चाहती है. अब वह नीट की तैयारी के लिए जुट जाएगी. साथ ही उसका सपना है कि वह डॉक्टर बनकर देश की सेवा करे.
पिता को गर्व
वहीं, टॉपर बेटी पर पिता को भी बहुत गर्व है. पिता ने बताया कि स्वीटी परीक्षा में 7 से 8 घंटे लगातार पढ़ाई करती थी, जिसके चलते हरियाणा में तीसरे नंबर और फरीदाबाद में पहले नंबर पर आकर नाम रोशन किया है.
.
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 13:35 IST









