
किसी महिला के जुड़वां या तीन-चार बच्चे एक साथ पैदा होने की खबरें तो आपने सुनी होंगी. लेकिन ब्रिटेन में एक अनोखा मामला सामने आया है. मैडलिन काक्लिकोस नाम की महिला उस समय चौंक गईं जब डॉक्टर ने उन्हें बताया कि उनकी दो कोख यानी गर्भाशय है और दोनों में ही बच्चे पल रहे हैं. हालांकि, उन्होंने सतर्क भी किया कि कुछ भी हो सकता है. लेकिन आज दोनों बच्चे पैदा हो गए और स्वस्थ भी हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बेहद दुर्लभ मामला है, और 5 करोड़ महिलाओं में से किसी एक में ही ऐसी स्थिति आती है.
24 साल की मैडलिन को बच्चे पैदा नहीं हो रहे थे. उन्होंने एक साल कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली. आखिरकार आईवीएफ (IVF) तकनीक की मदद ली. 10 कोशिशों के बाद आखिरकार वह प्रेग्नेंट हो गईं. इसी बीच पता चला कि एक और बच्चा उनकी कोख में पल रहा है. यह दूसरे गर्भाशय में था, जो सामान्य तरीके से गर्भधारण हुआ था. डॉक्टरों ने जब यह बात मैडलिन को बताई तो उनकी हालत खराब हो गई. दिल ऐसे धड़कने लगा कि जैसे चीरकर बाहर आ जाएगा. डॉक्टरों ने कहा, यह दुर्लभ स्थिति है और एक चमत्कार की तरह है. इसे यूट्रस डिडेलफिस कहते हैं.
एक बच्चा पहले और दूसरा दूसरे गर्भ में
मैडलिन ने फरवरी 2023 में नैट और कोल नाम के दो लड़कों को जन्म दिया. उन्होंने कहा, जब मैं पहली बार दो बच्चों के साथ गर्भवती हुई, तो मेरे पति ने मुझे बताया कि यह 50 मिलियन गर्भावस्था में से एक है. क्योंकि नैट एक गर्भाशय में था और कोल दूसरे में. अलग-अलग तरीकों से और अलग-अलग समय पर गर्भ धारण किया गया था. हमें अपनी किस्मत पर भरोसा नहीं हो रहा था. हम चीखने लगे और गले मिलते ही हमारे चेहरे से आंसू बहने लगे. हमने अपना पहला प्रारंभिक गर्भावस्था स्कैन जल्द ही किया था, और यह एकदम सही था. मैं बिस्तर पर लेट गई, जॉन ने मेरा हाथ पकड़ा, हमने पहली बार अपने बच्चे के दिल की धड़कन सुनी, और डॉक्टर ने हमें आश्वस्त किया कि सब कुछ ठीक है.
9 बार आईवीएफ की कोशिश फेल
मैडलिन ने बताया कि डॉक्टरों ने उनसे कहा था कि जब आईवीएफ चल रहा हो तो फिजिकल रिलेशन न बनाएं, लेकिन दोनों ने यह बात नहीं मानी. क्योंकि लगातार 9 बार आईवीएफ की कोशिश फेल हो चुकी थी. उन्हें इस बार भी यकीन नहीं था. लेकिन चमत्कारिक रूप से वह नॉर्मल तरीके से प्रेग्नेंट हो गई. आईवीएफ करने वाले डॉक्टरों ने इतना डरा दिया कि एक बच्चा तो बचा पाना मुश्किल होगा क्योंकि यह बेहद जटिल स्थिति होती है. एक बार तो डॉक्टर ने कहा, एक प्रेग्नेंसी नष्ट कर देते हैं.लेकिन दोनों नहीं माने और कहा-अब जो कुछ होगा देखा जाएगा. मैडलिन ने बताया कि सबकुछ ठीक रहा है और कभी कोई दिक्कत नहीं आई. डॉक्टरों के मुताबिक,आमतौर पर दो यूट्रस वाली महिलाओं को प्रेग्नेंट होने में दिक्कत नहीं होती, लेकिन कुछ मामलों में मुश्किल हो सकती है. कभी-कभी डबल यूट्रस में यूट्राइन लाइनिंग पूरी तरह से विकसित नहीं हुई होती है और परेशानी आ जाती है.
.
Tags: Bizarre news, OMG News, Trending news, Viral news, Weird news
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 18:56 IST








