
नई दिल्ली. जहां बॉलीवुड में इन दिनों बड़े बजट की फिल्में बॉक्स-ऑफिस पर ढेर होती नजर आ रही हैं. तो वहीं कम बजट की फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ ने ऐसा कमाल कर दिखाया है जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. 5 मई को रिलीज हुई अदा शर्मा की फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ कोई बड़ा स्टारकास्ट न होने के बावजूद 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है. अब साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है. लेकिन सबसे दिलचस्प बात तो ये कि हिंदी फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ और मलयालम फिल्म ‘2018’ एक ही दिन 5 मई को रिलीज हुई थीं और ये दोनों ही फिल्में केरल की सच्ची घटनाओं पर आधारित हैं.
5 मई को थिएटर में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘2018’ दिल छू लेने वाली कहानी दर्शाती है. ये फिल्म 2018 में केरल में आए भयंकर बाढ़ पर आधारित है. इस फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे बाढ़ में लोगों का जीवन अस्त- व्यस्त हो गया था और कैसे लाखों लोगों के सिर से छत तक छिन गई थी. सच्ची घटना पर आधारित इस फिल्म को ऑडियंस का भरपूर प्यार मिल रहा है.
मलयालम फिल्म ‘2018’ में टोविनो थॉमस, कुंचाको बोबन, आसिफ अली, विनीत श्रीनिवासन, अपर्णा बालमुरली और तनवी राम ने मुख्य भूमिका अदा की है. इस फिल्म के निर्देशन की बात करें या दमदार अभिनय की या फिर जबरदस्त कहानी की. सबकुछ ऑडियंस को काफी इम्प्रेस कर रहा है. कम बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स-ऑफिस पर कमाई के सभी रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं.
मलयालम सिनेमा में रचा इतिहास-
12 करोड़ से 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के महज 11 दिनों में ही 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. इसी के साथ ये फिल्म सबसे तेजी से 100 करोड़ क्लब में एंट्री करने वाली मलयालम फिल्म बन गई है. इससे पहले ये रिकॉर्ड मोहनलाल की फिल्म ‘लुसिफर’ के नाम था.
हिंदी फिल्मों को छोड़ा पीछे-
‘2018’ की तूफानी रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है. ये मलयालम फिल्म कई हिंदी फिल्मों को भी पीछे छोड़ चुकी है. अगर पिछले महीनों में रिलीज हुई अक्षय कुमार – इमरान हाशमी की फिल्म ‘सेल्फी’ या कार्तिक आर्यन और कृति सेनन की फिल्म ‘शहजादा’ की बात करें तो ये फिल्में ‘2018’ के सामने घुटने टेक चुकी हैं.
इस फिल्म की ताबड़तोड़ सफलता को देखकर ये उम्मीद की जार रही है कि ये फिल्म जल्द ही हिंदी में भी रिलीज हो सकती है. हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
.
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 18:36 IST








