
गुलशन सिंह/बक्सर. जीवनदायिनी गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने के उद्देश्य से गंगा विचार मंच और छात्र शक्ति के द्वारा चलाया जा रहा अभियान “हर रविवार, युवा पुकार, मां गंगा किनार” का 445 वां रविवार पूरा हो गया. बता दें कि पिछले 9 वर्षों से यह अभियान लगातार जारी है. जिसके तहत युवाओं द्वारा गंगा से प्लास्टिक तथा अन्य कचरा निकाल कर बाहर किया जाता है.
छात्र शक्ति के संयोजक सौरभ तिवारी ने बताया कि कॉलेज के दौरान 2 नवंबर 2014 से छात्र शक्ति के तत्वाधान में गंगा स्वच्छता अभियान की शुरुआत हुई. उन्होंने बताया कि यह अभियान बक्सर के रामरेखा घाट से शुरू किया गया. इस अभियान के तहत छात्र शक्ति व गंगा विचार मंच से जुड़े लोग रविवार को सुबह 7 बजे से 10 बजे तक गंगा घाट पर पहुंचते हैं और श्रमदान कर गंगा को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेते हैं.
इस अभियान में गंगा घाट के पंडा समाज के लोगों के साथ-साथ गंगा स्नान के लिए पहुंचे लोग भी शामिल होते हैं. उन्होंने बताया कि हर रविवार की तरह इस बार भी गंगा स्वच्छता के अपने संकल्प के तहत सुबह 7 बजे से 10 बजे तक रामरेखा घाट समेत विभिन्न गंगा घाटों पर श्रमदान किया गया.
कई गंगा घाटों पर शुरू हुआ अभियान
छात्र शक्ति के संयोजक सौरभ तिवारी ने बताया कि इस अभियान से प्रेरित होकर कई लोग भी अपने आस-पास के घाटों पर पतित पावनी गंगा को साफ करने का अभियान शुरु कर चुके हैं. उन्होंने बताया कि फिलहाल नियमित रूप से चौसा के महादेवा घाट और अहिरौली में माता अहिल्या घाट की सफाई युवा कर रहे हैं. हालांकि, छात्रशक्ति से प्रेरित होकर कुछ युवा पटना के गांधी घाट और कानपुर में गंगा को साफ करने का प्रयास शुरू किया था, लेकिन वे सफल नहीं हो सके. अभियान के संयोजक सौरभ तिवारी ने बताया कि मां गंगा हमारे लिए श्रद्धा और आस्था का विषय है. मां गंगा की रक्षा करना हम सभी का परम कर्तव्य है. इसके लिए हमें पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करना होगा.
बेहतर प्रयास के लिए मिला पुरस्कार
वहीं छात्र शक्ति के युवाओं के इस भगीरथ प्रयास की सराहना राष्ट्रीय स्तर पर भी हो चुकी है. अभियान के प्रणेता सौरभ कुमार तिवारी को अपने इस भागीरथ प्रयास के लिए भारत सरकार के द्वारा के राष्ट्रीय युवा नेतृत्व पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है. इसके अलावा जिला स्तर तथा राज्य स्तर पर भी गंगा सफाई को लेकर कई बार पुरस्कार मिल चुका है. 445वां रविवार के अभियान में राहुल दुबे, भरत पांडेय,पुजारी अमरनाथ पांडेय उर्फ लाला बाबा, रिंकू पांडेय, पप्पू राय सहित दर्जनों लोगों ने श्रमदान दिया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bihar News, Buxar news, Ganga river
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 14:55 IST








