
नीरज कुमार/बेगूसराय. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जिला नेशनल क्वॉलिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) सर्टिफिकेट के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल की 800 बिंदुओं पर जांच की. इस जांच में सदर अस्पताल को 92 प्रतिशत अंक मिले. बेगूसराय सदर के ऑपरेशन प्रसव कक्ष और लेवर रूम को अगले तीन साल यानी 2025 तक के लिए राष्ट्रीय मानक प्रमाण पत्र के तहत बिहार के नंबर वन ऑपरेशन कक्ष एवं प्रसव कक्ष का अवॉर्ड मिला है.
यह अवार्ड स्वास्थ्य विभाग के द्वारा दिया जाता है. राष्ट्रीय मानक की कसौटी पर सदर अस्पताल बेगूसराय इस वर्ष फिर खड़ा उतरा है. उसके बाद यह अवार्ड मिला है.
टीम ने एक महीने तक की थी जांच
बेगूसराय सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल के साथ-साथ बेगूसराय जिले के लिए भी गर्व की बात है. उन्होंने बताया कि लक्ष्य प्रोग्राम के तहत क्वालिटी कंट्रोल के लिए राष्ट्रीय क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड की अंकेक्षण टीम ने इसकी जांच की थी. यह जांच तकरीबन 1 महीने तक चली थी. जिसके बाद बेगूसराय सदर अस्पताल को ओवरऑल 92 प्रतिशत अंक प्रदान किए गए. यह अंक ऑपरेशन प्रसव कक्ष और लेवर रूम से जुड़े 800 बिंदुओं पर जांच के बाद मिले. इतना ही नहीं, दोनों विभागों के निर्धारित अधिकांश अन्य बिंदुओं पर 100-100 अंक प्राप्त करने वाला पहला अस्पताल रहा.
2020 में भी मिल चुका है एनक्यूएएस सर्टिफिकेट
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि इसी प्राप्ति स्कोर के आधार पर सदर अस्पताल के एलआर एवं एमओटी को अगले तीन वर्ष के लिए एनक्यूएएस प्रमाणीकरण किया गया है. उन्होंने बताया कि 2020 में भी सदर अस्पताल के एलआर एवं एमओटी को एनक्यूएएस सर्टिफिकेट मिला था. यह प्रमाण-पत्र मिलने पर सदर अस्पताल के पूर्व अधीक्षक डॉ. आनंद कुमार शर्मा को भारत सरकार के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री ने सम्मानित किया था. राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक सर्टिफिकेशन का उद्देश्य अस्पतालों की सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए आम जनता तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 09:45 IST









