बर्थडे पार्टी में जाने के लिए नहीं मिली शर्ट तो बच्चे ने कर दी पुलिस कंप्लेन, फिर खुली सौतेली मां की क्रूरता की पोल

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


एलुरु. आंध्र प्रदेश में एक बच्चे ने अपनी सौतेली मां के खिलाफ अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में पहनने के लिए सफेद कमीज नहीं देने की पुलिस से शिकायत की, जिसकी जांच के दौरान सौतेली मां की क्रूरता की कहानी सामने आई. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एलुरु शहर के कोथापेटा इलाके में सरकारी स्कूल का पांचवीं कक्षा का छात्र (11) रविवार पूर्वाह्न 11 बजे अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी के लिए तैयार हो रहा था और वह उसके लिए सफेद रंग की कमीज पहनना चाहता था. उन्होंने बताया कि उसने अपनी सौतेली मां लक्ष्मी (38) से वह कमीज देने को कहा जिस पर इस्त्री हो रखी थी, लेकिन उसने कमीज देने से मना कर दिया.

अधिकारी ने सोमवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि गुस्से में छात्र एक तौलिया लपेटकर अर्धनग्न अवस्था में एलुरु शहर के थाने पहुंचा और अपनी सौतेली मां के खिलाफ शिकायत की. उन्होंने बताया कि बच्चे की शिकायत और हिम्मत देख हैरान पुलिस ने उससे परिवारवालों की जानकारी मांगी तो पता चला कि वह अपने मजदूर पिता मल्लिकार्जुन राव (40) के साथ रहता है. अधिकारी ने कहा कि लड़के की मां की मौत के बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी. अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने इसके बाद लक्ष्मी को बुलाया और यह सुनिश्चित किया कि वह उसे कमीज दे. हालांकि पूछताछ में पता चला कि लक्ष्मी पहले भी बच्चे के साथ बदसलूकी कर चुकी है और उसने उसे गर्म छड़ से भी जला दिया था.

ये भी पढ़ें- ‘अगले चुनाव में न पोस्टर-बैनर लगाऊंगा, न चाय पिलाऊंगा’ जानें नितिन गडकरी ने क्यों कहा ऐसा

पुलिस के अनुसार, सौतेली मां ने पहले लड़के को इतनी बुरी तरह पीटा था कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था और लक्ष्मी ने उसके पैर जला दिए थे जिसका इलाज कराना पड़ा था. अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस क्रूरता को ध्यान में रखते हुए लक्ष्मी को इस तरह का व्यवहार न दोहराने की कड़ी चेतावनी दी और उससे एक लिखित हलफनामा लिया कि वह लड़के को फिर से कोई नुकसान नहीं पहुंचाएगी. पुलिस ने परिवार के बुजुर्गों की उपस्थिति में लक्ष्मी से वादा लिया कि वह इस तरह का व्यवहार दोबारा नहीं करेगी.

Tags: Andhra pradesh news, Mother

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें