
राजाराम मंडल/मधुबनी. जिले के राजनगर प्रखंड के भट्सीमर गांव के कृषि विशेषज्ञ आशुतोष ठाकुर वर्षों से खेती में नए-नए प्रयोग कर रहे हैं. साथ ही बड़े पैमाने पर आम का उत्पादन भी कर रहे हैं. इससे वह सालाना लगभग 5-6 लाख रुपये तक की कमाई कर लेते हैं. वह आम की खेती लगभग 3 एकड़ में करते हैं और अलग-अलग प्रकार के आम के पेड़ लगाए हुए हैं. जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता है.
तीन एकड़ में फैले आम के बाग में आम्रपाली, तोताफली, लंगड़ा, सिंदूरी, दशहरी आदि 100 प्रकार के रसीले आम के पेड़ हैं. इनके बगीचे के आमों की मांग इतनी है कि व्यापारी एडवांस के तौर प्रति किलोग्राम के हिसाब से पैसे दे जाते हैं और बाद में आम की खेप ले जाते हैं. आशुतोष कहते हैं कि जरूरी नहीं सरकार से मदद मिले, तभी कोई काम किया जाएगा. उन्होंने आम समेत तरह-तरह के फलों का बाग भी तैयार किया है.
फलों की मिश्रित खेती कर कमाते हैं लाखों
आशुतोष के बगीचे का आम खरीदने के लिए शहरों से व्यापारियों का तांता लगा रहता है. 80 से 100 रुपये प्रति किलो की दर पर आम की खरीद-बिक्री की जाती है. इसके अलावा उन्होंने लीची के 1000 पेड़ लगाए हैं. इन पेड़ों से भी उन्हें खूब कमाई होती है. साथ ही केला के 30, अमरूद के 100, नींबू के 80 व पपीता के 18 पेड़ हैं. सेब, लॉन्ग, पिस्ता आदि के भी पौधे लगाए हुए हैं. सब्जियों में मशरूम, करेला, लौकी, भिंडी आदि भी उगाते हैं.
सस्ते में देते हैं आम के पौधे
आशुतोष ठाकुर अब लोगों को मात्र 25 से 60 रुपये में बढ़िया से बढ़िया आम का पौधा देते हैं. वह चाहते हैं कि जिले में हर इंसान आम की खेती कर लाखों कमाए. इससे रोजगार भी बढ़ेगा. उनके मुताबिक बिहार में मालदा नाम का आम बहुत प्रसिद्ध है, जिसका पेड़ लगाकर लाखों कमाया जा सकता है. लेकिन, लोग सिर्फ अपने खाने के लिए एक-दो पेड़ ही लगाते हैं. यही कारण है कि वह मालदा के आम का पौधा सस्ते में बेच रहे हैं. बताया कि वे महज 5-6 साल से खेती कर रहे हैं और अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bihar News in hindi, Farmers, Madhubani news, Money18
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 18:48 IST








