
पुनीत माथुर/ जोधपुर. जोधपुर संभाग के सबसे बड़े मथुरा दास माथुर अस्पताल में एक ऐसी व्यवस्था लागू की जा रही है. जिसके लगने के बाद ना तो आपको लाइनों में लगना पड़ेगा ना ही वार्ड बॉय का इंतजार करना पड़ेगा. अगर आपको दवाई और एक्स रे जांच रिपोर्ट की आवश्यकता है तो यह तमाम चीजें आपके पास ऑटोमेटिक वेक्यूम सिस्टम से पहुंच जाएगी. इससे मेन पावर तो बचेगा ही साथ ही साथ मरीज के परिजनों को भी परेशान नहीं होना पड़ेगा.
दरअसल लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी ट्रॉमा सेंटर में न्यूमोटिक ट्यूब सिस्टम लागू है सिस्टम में चाहे दवाई हो, बैग, सैंपल रिपोर्ट और अन्य आइटम खुद-ब-खुद सिस्टम से संबंधित मरीजों के पास पहुंच जाते हैं. इसी सिस्टम को राजस्थान के जोधपुर में स्थित मथुरादास माथुर अस्पताल में भी इंस्टाल किया जाएगा. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही इंस्टॉलेशन का काम भी शुरू हो जाएगा.
जोधपुर का मथुरा दास माथुर अस्पताल सभांग का सबसे बड़ा अस्पताल है और यहां हर रोज हजारों की संख्या में मरीज आते हैं. मैन पावर की कमी और संक्रमण का खतरा हर वक्त अस्पतालों में बना रहता है. इसी खतरे को कम करने के लिए पायलट प्रोजेक्ट पर मथुरादास माथुर अस्पताल में यह सिस्टम इनस्टॉल किया जाएगा. एनआरएचएम के जरिए एक करोड़ का बजट भी जारी हो चुका है और जल्द यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल के अधीक्षक विकास राजपुरोहित ने बताया कि इस सिस्टम के लागू होने के बाद काफी सुविधाएं मिलेगी मेन पावर बचेगा साथ ही साथ संक्रमण का डर भी नहीं रहेगा. उन्होंने प्रस्ताव राज्य सरकार के पास भेज दिया है और टेंडर प्रक्रिया चल रही है उम्मीद है अस्पताल में वैक्यूम सिस्टम को इंस्टॉल जल्द ही कर दिया जाएगा.
इस सिस्टम के लागू होने के बाद राजस्थान में सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं में और इजाफा होगा और सरकारी अस्पताल किसी भी मायने में प्राइवेट अस्पतालों से पीछे नहीं होंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 16:13 IST








