
हाइलाइट्स
अकेले केरल में कोरोना संक्रमण से 4 मरीजों की भी मौत
पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से 8 लोगों की मृत्यु
कोरोना रोकथाम को लेकर अब तक दी जा चुकी है 220.66 करोड़ खुराक
नई दिल्ली. देश में कोविड मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट रिकॉर्ड की जा रही है. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी पिछले दिनों कोरोना संक्रमण बीमारी को महामारी से बाहर कर दिया है. इसके पीछे भी कोरोना संक्रमित (Corona infection) मरीजों में लगातार आ रही गिरावट और इसके खतरे का कम हो जाना है. भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 (Covid-19) के 801 नए मामले दर्ज किए गए हैं और उपचाराधीन मरीजों की संख्या 15,515 से घटकर 14,493 हो गई है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक कोरोना संक्रमण से 8 लोगों की मृत्यु होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,31,778 हो गई है. इनमें केरल (Kerala) से वे 4 मामले भी शामिल हैं जिन्हें संक्रमण से मौत की पुष्टि के बाद मौत के आंकड़े में शामिल किया गया है. समग्र संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4.49 करोड़ (4,49,81,475) हो गई है.
मंत्रालय ने कहा कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुल संक्रमितों की संख्या का 0.03 प्रतिशत है. कोविड-19 से ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.78 प्रतिशत है. इस बीमारी से ठीक होने वालों की समग्र संख्या बढ़कर 4,44,35,204 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत दर्ज की गई है.
मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से देश में कोविड-19 रोधी टीकों की अब तक 220.66 करोड़ खुराक दी जा चुकी है.
दुनिया भर में कोरोना के हालात
विश्व स्वास्थ्य संगठन (who) के मुताबिक अमेरिका में पिछले 7 दिनों यानी 13 मई तक 77,165 लोगों के संक्रमण की सूचना है. वैश्विक स्तर पर बीते 7 दिनों में कोरोना के कुल 4.38 लाख मामले आए हैं और करीब 3,178 लोगों की मौत हुई. जापान में एक हफ्ते में 50,446 लोग संक्रमित हुए और 85 लोगों की जान गई.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Corona cases in india, Corona Update, COVID 19, Covid cases in india
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 12:20 IST









