
हिमांशु नारंग/करनाल: जब रिजल्ट आता है तो किसको खुशी नहीं होती. पास होने की खुशी में जश्न भी मनाया ही जाता है. बच्चे दोस्तों संग पार्टी करते हैं. ऐसी ही एक पार्टी को एक हादसे ने गम में बदल दिया. सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट आया तो पांचों दोस्तों के बीच खुशी का माहौल था. पानीपत के रहने वाले 5 दोस्तों ने प्लान बनाया कि एक दोस्त के पास करनाल चलते हैं.
वहीं मस्ती करेंगे, पास होने का जश्न मनाएंगे. पांचों दोस्त एक कार में सवार होकर अपने रिजल्ट का जश्न मनाने के लिए पानीपत से करनाल के निकल गए. करनाल पहुंचने पर अभिषेक, अमन, मोहित , हर्ष और अमन ने करनाल वाले दोस्त संग पार्टी मनाई. पार्टी खत्म हुई और पांचों घर जाने के लिए गाड़ी में सवार हो गए. इसके पहले की वे घर पहुंचते नेशनल हाईवे पर मधुबन के पास उनकी गाड़ी का टायर फट गया.
दो बच्चों की मौके पर मौत
अनियंत्रित कार नेशनल हाईवे की रेलिंग को तोड़ते हुई सर्विस लेन पर भिड़ गई. रेलिंग भी कार में घुस गई. इस हादसे में अमन और अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 दोस्तों को घायल अवस्था में करनाल के अस्पताल में भर्ती करवाया गया. जहां एक की हालत गंभीर होने के चलते उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है. परिवार वालों को सूचना दी गई. वहीं, परिवार में मातम पसर गया. दो दोस्तों के शव का पोस्टमार्टम करनाल में हुआ.
पल में बिखर गए सपने
कुछ घंटे पहले जो बच्चे जश्न मना रहे थे, उनमें से दो की मौत हो गई, जबकि तीन मौत से लड़ रहे हैं. वहीं परिवार वाले भी सदमे में हैं. दो बच्चों की मौत से परिवार में मातम पर पसरा है. घायल तीन बच्चों के परिजन उनकी सलामती की दुआएं मांग रहे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 17:09 IST









