
जींद: सीबीएसई बोर्ड ने शुक्रवार को 12वीं के साथ-साथ 10वीं के रिजल्ट भी जारी कर दिए. जिले के बच्चों ने जहां 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, वहीं दसवीं में भी मेधावियों ने अपनी प्रतिभा का डंका बजाया है. इस कड़ी में जींद जिले के नरवाना की रहने वाली अलीशा ने सीबीएसई 10वीं में टॉप कर न सिर्फ परिवार को गर्व महसूस करवाया, बल्कि जिले का नाम भी रोशन किया है.
अलीशा के टॉप करने की खबर मिलते ही हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी शनिवार दोपहर को अचानक टॉपर अलीशा के घर पहुंच गए. डिप्टी सीएम को अचानक घर पर देख परिवार वालों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे. इतना ही नहीं डिप्टी सीएम ने अलीशा को बधाई देने के साथ-साथ 11 हजार रुपये इनाम राशि और शॉल देकर उसका सम्मान भी किया. दुष्यंत चौटाला के साथ इस दौरान नरवाना के विधायक भी मौजूद रहे.
पूरे प्रदेश में कमाया नाम
वहीं अलीशा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और टीचर्स को दिया है. अलीशा ने बताया कि वह एक दिन में करीब 7 से 8 घंटे पढ़ाई करती हैं और स्कूल से घर आने के बाद स्कूल में जो कुछ भी पढ़ाया जाता है, उसे रिवाइज करती हैं. अलीशा के टॉप करने के बाद पूरा परिवार खुशी से झूम उठा है. अलीशा की माता ने कहा कि बेटियों को और ज्यादा प्रोत्साहित करना चाहिए. आज के वक्त में बेटियां बेटों से कम नहीं हैं. उनके घर में अलीशा को पूरा सपोर्ट किया जाता है. आज अलीशा का नाम जींद के साथ-साथ पूरे हरियाणा में चमक रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 20:54 IST








