क्वार्टर में लटकी मिली RPF की लेडी कांस्टेबल की लाश, 10 दिन पहले ही मनाई थी एनिवर्सरी, पिता बोले…

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


रिपोर्ट-आशीष रंजन

भागलपुर. बिहार में आरपीएफ की एक महिला कांस्टेबल की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई. भागलपुर के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के आरपीएफ क्वार्टर में महिला कॉन्स्टेबल नीतू कुमारी का शव संदिग्ध अवस्था में पंखा से लटका हुआ मिला. इसकी सूचना पर आरपीएफ के जवानों और अधिकारियों के द्वारा आनन-फानन में फंदे को हटाकर नीतू को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना नीतू के पिता को दी गई. देर शाम मृतका के पिता और मां सहित अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां सभी का रो-रोकर बुरा हाल था.

नीतू तीनल साल पहले यानी 2020 में सिपाही के पद पर बहाल हुई थी और उसकी पहली पोस्टिंग भागलपुर में ही हुई थी. नीतू चिंतामणि चौधरी की इकलौती पुत्री थी और वो झारखंड के देवघर जिला के पथरोल की रहने वाली थी. एक साल पहले नीतू की शादी जसीडीह के कोड़ी के रहने वाले श्यामसुंदर चौधरी के पुत्र प्रशांत दीप के साथ हुई थी. नीतू के पिता का कहना है कि पिछले साल दो मई को नीतू की शादी हुई थी. पिता का कहना है कि लड़के वालों ने बताया था कि लड़का इंजीनियर है लेकिन शादी के बाद वह कहीं नौकरी पर नहीं जाता था, जिससे पता चला कि वह बेरोजगार है.

शादी के बाद से ही पति, देवर, भैंसुर और सास के द्वारा बराबर नीतू के साथ दुर्व्यवहार किया जाता था, और उसकी पिटाई भी की जाती थी. पिता के मुताबिक पति के द्वारा नीतू की सारी सैलरी की मांग को लेकर उसकी पिटाई भी की जाती थी. मृतका के पिता का आरोप है कि दो दिन पहले ही वह ससुराल से ड्यूटी पर आई थी और इस दौरान ससुराल में उसके साथ पति और ससुराल वालों के द्वारा मारपीट की गई थी.

पिता का कहना है कि नीतू जब किसी से बात करती थी तब उसका पति तकनीक के जरिए सारी बातें सुना करता था और उसके कुछ साथी भागलपुर में भी डिलीवरी ब्वॉय का काम करते हैं, जिससे वह नीतू की रेकी करवाता था. पिता साफ तौर पर आरोप लगा रहे हैं कि उनकी बेटी की हत्या की गई है. पिता का कहना है कि मेरी बेटी कभी सुसाइड नहीं कर सकती. पूरे मामले में पुलिस बयान दर्ज कर हत्या सहित सुसाइड के मामले को लेकर जांच में जुट गई है.

Tags: Bhagalpur news, Bihar News, RPF

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें