
ईडन गार्डेंस पर जिसने भी यशस्वी जायसवाल का यश देखा, उसने हाल फिलहाल में दुनिया के सबसे आक्रामक और ठोस बल्लेबाजों की फेहरिस्त में उनका शुमार करा दिया है.
सप्ताह भर की क्रिकेट गतिविधियों को समेटे इस पॉडकास्ट के साथ मै हाजिर हूँ, संजय बैनर्जी का नमस्कार- सुनो दिल से. ईडन गार्डेंस पर कल रात जिस तरह से यशस्वी का यश देखा, उसने हाल फिलहाल मे दुनिया के सबसे आक्रामक और ठोस बल्लेबाजों की फेहरिस्त में उनका शुमार करा दिया है. यशस्वी की वजह से राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स को एकतरफा 9 विकेट से रौंद दिया. इस जीत के बाद रॉयल्स अब पॉइंट्स टेबल मे तीसरे नंबर पर पहुंच गई है. अपने घर मे मिली इस करारी हार ने केकेआर को बाहर होने के मुहाने पर ला खड़ा किया है. यशस्वी जायसवाल ने 47 गेंदों पर 13 चौके और पांच छक्के की बदौलत नाबाद 98 रन बनाए. लक्ष्य हासिल हो चुका था, इसलिए सीजन का दूसरा शतक पूरा नहीं कर पाए. यशस्वी ने सिर्फ 13 गेंदों पर अर्द्धशतक लगाया और लीग का सबसे तेज अर्धशतक अपने नाम किया. कप्तान संजू सैमसन ने भी ताबड़तोड़ 48 रन बनाए और यशस्वी के साथ 121 रन की साझेदारी की. राजस्थान की बेहतर गेंदबाजी की वजह से कोलकाता की टीम केवल 149 रन ही बना सकी. युजवेंद्र चहल ने चार विकेट लिए. चहल अब आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा 187 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं.








