
हाइलाइट्स
वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने से ताज नगरी आगरा को भी फायदा होगा.
इस महीने के चौथे सप्ताह में ट्रायल रन होने की उम्मीद है.
इस ट्रेन के चलने से दिल्ली-खजुराहो का ट्रेवल टाइम कम हो जाएगा.
नई दिल्ली. खजुराहो जाने वाले पर्यटकों के लिए एक अच्छी खबर है. भारतीय रेलवे खजुराहो के लिए एक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Delhi-Khajuraho Vande Bharat Express Train) चलाने की योजना बना रहा है. जल्द ही इस सेमी हाई-स्पीड ट्रेन का आगरा रेल खंड पर ट्रायल होगा. वंदे भारत एक्सप्रेस चलने से खजुराहो पहुंचने में जहां कम समय लगेगा, वहीं यात्रियों को शानदार सुविधाओं वाली ट्रेन में सफर करने का मौका भी मिलेगा. रेलवे इस रूट पर ट्रेन को स्थायी रूप से चलाने के लिए अंतिम फैसला ट्रायल पूरा होने के बाद लेगा. दिल्ली से खजुराहो के बीच चलने वाली इस वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Train ) के शुरू होने से ताज नगरी आगरा को भी फायदा होगा.
ट्रेन का ट्रायल दिल्ली-आगरा रेल खंड पर मई के चौथे सप्ताह में प्रस्तावित है. इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन को 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया जाएगा. इस वंदे भारत ट्रेन के चलने से देश के दो मशहूर पर्यटन स्थल, आगरा और खजुराहो जाने वाले पर्यटकों को फायदा होगा. दिल्ली से मध्यप्रदेश के लिए चलने वाली यह दूसरी वंदे भारत ट्रेन होगी. दिल्ली से भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन के बीच पहले ही एक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चल रही है.
यह होगा रूट
वंदे भारत(Delhi-Khajuraho Vande Bharat Express Route) दिल्ली से चलकर आगरा और ग्वालियर होते हुए झांसी और फिर खजुराहो जाएगी. इस ट्रेन के चल जाने के बाद ताजनगरी आगरा का संबंध सीधे खजुराहो से हो जाएगा. इससे दिल्ली, झांसी, आगरा, ग्वालियर और खजुराहो के बीच पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
दक्षिण भारत को भी मिलेगा वंदे भारत का तोहफा
दक्षिण भारत के राज्यों को 2024 से पहले और वंदे भारत ट्रेनें मिलने की संभावना है, जो प्रमुख तीर्थ, व्यापार और पर्यटन स्थलों को राज्यों की राजधानियों से जोड़ेंगी. वर्तमान में देश में 14 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं. जिन रूटों पर यह ट्रेन दौड़ रही है उनमें नई दिल्ली-वाराणसी, नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा, गांधीनगर-मुंबई, नई दिल्ली-अंब अदौरा, चेन्नई-मैसूर, नागपुर-बिलासपुर, हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी, सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम, मुंबई-सोलापुर , मुंबई-शिरडी, दिल्ली-भोपाल, सिकंदराबाद-तिरुपति, चेन्नई-कोयंबटूर और दिल्ली-अजमेर रूट शामिल हैं. वंदे भारत ट्रेन सेवाओं से हर महीने 15 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिल रहा है. इससे रेलवे को अच्छी कमाई भी हो रही है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Business news in hindi, Indian railway, Railway, Vande bharat train
FIRST PUBLISHED : May 10, 2023, 09:53 IST









